CM रेखा की मीटिंग में पति की मौजूदगी पर सवाल: AAP नेता सौरभ भारद्वाज बोले-दिल्ली सरकार फुलेरा पंचायत बन गई है
Published:
2 min read

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता आधिकारिक बैठक में मौजूद थे। अब यह फोटो वायरल हो रही है।
दिल्ली में एक बार फिर सियासी हलचल है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की एक ऑफिशियल मीटिंग में उनके पति मनीष गुप्ता की उपस्थिति पर सवाल उठाए जा रहे हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सौरभ भारद्वाज ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया। सौरभ ने CM की इस मीटिंग की तस्वीर को मशहूर वेब सीरीज पंचायत से कम्पेयर किया। सौरभ ने इसे परिवारवाद और संविधान के खिलाफ बताया।
दिल्ली सरकार फुलेरा पंचायत बनी- AAP नेता सौरभ भारद्वाज

रेखा गुप्ता के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम अकाउंट और CMO के आधिकारिक अकाउंट पर आधिकारिक बैठक में मनीष गुप्ता की तस्वीरें सामने आने के बाद सियासत तेज हो गई। भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- दिल्ली सरकार फुलेरा पंचायत बन गई है। जैसे फुलेरा की पंचायत में महिला प्रधान के पति प्रधान की तरह काम करते थे, उसी तरह दिल्ली में CM के पति आधिकारिक मीटिंग में बैठ रहे हैं।
उन्होंने कहा- हमने पहले भी बताया था कि CM के पति आधिकारिक मीटिंग में बैठते हैं। अधिकारियों के साथ मीटिंग और इंस्पेक्शन करते हैं। ये पूरी तरह से असंवैधानिक है। देश की राजधानी में प्रजातंत्र और संवैधानिक व्यवस्था का मजाक बनाया जा रहा है।
दिल्ली की CM के पास कार्यकर्ता नहीं बचे हैं क्या
दूसरी ओर उन्होंने BJP को घेरते हुए सवाल किया- जो पार्टी हर बार परिवारवाद की राजनीति के लिए कांग्रेस को घेरती है, तो दिल्ली CM के इस कदम को क्या कहा जाएगा? BJP को बताना चाहिए कि यह परिवारवाद की राजनीति नहीं है? क्या दिल्ली की मुख्यमंत्री के पास कोई ऐसा कार्यकर्ता नहीं बचा है जिसपर वो भरोसा कर सकें? क्यों इस तरह से अपने पति को सरकारी प्रशासनिक सिस्टम का हिस्सा बनाया जा रहा है।
रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता बिजनेसमैन हैं
रेखा गुप्ता के ऑफिशियल मीटिंग में पति मनीष गुप्ता की मौजूदगी पर सवाल उठा। हालांकि, रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता कोई राजनीतिक पार्टी से नहीं जुड़े हैं। वे एक बिजनेसमैन हैं। उनका स्पेयर पार्ट्स का बिजनेस हैं। इसके साथ ही वे कोटक लाइफ इंश्योरेंस में एक एजेंसी एसोसिएट से जुड़े हैं। उनका निकुंज एंटरप्राइज नाम से कारोबार चलता है।

