CM रेखा गुप्ता पर चाकू से हमला करने का था प्लान: सिक्योरिटी देख फेंका हथियार; हमलावर पर पहले से 5 केस दर्ज
Published:
2 min read

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर 20 अगस्त को जनसुनवाई के दौरान राजकोट के रहने वाले राजेश ने हमला किया था।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला करने वाले आरोपी राजेश खिमजी को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। राजेश CM रेखा गुप्ता पर चाकू से हमले का प्लान बना रहा था। वह अपने साथ चाकू लेकर भी गया था। लेकिन मुख्यमंत्री आवास से पहले सिविल लाइंस पर सिक्योरिटी देख उसने अपना मन बदल लिया और वहीं चाकू फेंक दिया। इसके बाद वह बिना हथियार जनसुनवाई में पहुंचने में सफल रहा और सीएम पर हमला कर दिया।
दरअसल, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर 20 अगस्त को जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ था। राजेश शिकायतकर्ता बनकर जनसुनवाई में पहुंचा था और शिकायत पत्र देने के बहाने उसने CM का हाथ पकड़कर खींच दिया था। इस हमले में रेखा गुप्ता के सिर पर चोट आई थी। पुलिस ने राजकोट (गुजरात) के राजेश खिमजी को गिरफ्तार किया था। उसे 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले में राजेश के एक और साथी को गिरफ्तार किया गया है।
सुप्रीम कोर्ट पर भी हमले का था प्लान
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, राजेश का प्लान सुप्रीम कोर्ट पर हमले का था, लेकिन टाइट सिक्योरिटी देखने के बाद उसने अपना मन बदला और सीएम रेखा गुप्ता को टारगेट करने का प्लान बनाया। पुलिस पूछताछ में राजेश ने बताया कि वह स्ट्रीट डॉग्स का मुद्दा उठाने के लिए सीएम आवास गया था।
आवारा कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले से था नाराज
राजकोट पुलिस के अनुसार, राजेश आवारा कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए मध्य प्रदेश के उज्जैन से दिल्ली आया था। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है। दिल्ली पुलिस राजकोट में आरोपी के दोस्तों और परिवार के सदस्यों सहित 10 लोगों से पूछताछ कर रही है।
राजेश पर पहले से 5 केस दर्ज
राजेश खिमजी राजकोट का एक ऑटो रिक्शा चलाने वाला है। खिमजी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। 2017 से 2020 के बीच खिमजी पर मारपीट और अवैध शराब से जुड़े 5 केस दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, 2017 में राजेश ने एक व्यक्ति पर तलवार और कपड़े धोने वाले बैट (मौगरी) से हमला किया था।

