दिल्ली CM रेखा गुुप्ता को अब Z कैटेगरी की सिक्योरिटी: सुरक्षा में तैनात रहेंगे 20 से 22 CRPF कमांडो; जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ था
Published:
3 min read

बीजेपी के सभी सांसदों ने CM रेखा गुप्ता से मुलाकात की। मनोज तिवारी का कहना है कि वह फिलहाल स्वस्थ हैं।
दिल्ली CM रेखा गुप्ता पर हमले के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। केंद्र सरकार की तरफ से उन्हें अब Z कैटेगरी की सिक्योरिटी दी गई है। गृह मंत्रालय के निर्देश पर CRPF ने उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल ली है। CM की सुरक्षा में अब CRPF के 20 से 22 कमांडों 24 घंटे तैनात रहेंगे। इससे पहले दिल्ली पुलिस उन्हें सुरक्षा कवर देती थी।
दरअसल, राजेश खिमजी नाम के शख्स ने बुधवार को जनसुनवाई के दौरान CM रेखा गुप्ता पर हमला कर दिया। हमले में सिर, कंधे और हाथ में चोटें आईं थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोपी 5 दिन की पुलिस रिमांड पर है। पुलिस ने CM हाउस में क्राइम सीन रीक्रिएट किया। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल को फॉरेंसिक जांच के लिए भी भेजा है।
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी का कहना है कि रेखा गुुप्ता स्वस्थ हैं। दिल्ली के सभी सांसदों ने गुरुवार को उनसे मुलाकात की।
खुफिया एजेंसी भी जांच में शामिल
उधर, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, IB और अन्य खुफिया एजेंसियां मिलकर आरोपी से पूछताछ कर रही हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अयोध्या जाता रहता था। वह इस साल मई में अयोध्या में बंदरों की सुरक्षा को लेकर अनशन भी कर चुका है।
साथ ही उसने राजकोट में भी जानवरों के लिए प्रदर्शन किया था। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या इस हमले के पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं है। साथ ही आरोपी ने दिल्ली आने के बाद किससे मिला था।
मां का दावा- राजेश डॉग लवर
दिल्ली पुलिस ने आरोपी के घर पर भी संपर्क किया। उसकी मां ने दावा किया कि राजेश डॉग लवर है और सुप्रीम कोर्ट के आवारा कुत्तों को शेल्टर भेजने के फैसले से परेशान था।
पहले आई खबरों में दावा किया गया कि CM को थप्पड़ मारा, लेकिन दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इन दावों का खंडन कर दिया। उनके मुताबिक, सुनवाई के दौरान रेखा गुप्ता को पकड़कर खींचा। इसकी वजह से उनके सिर पर मेज का कोना लग गया। चोट लगने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आरोपी गुजरात के राजकोट का रहने वाला
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आरोपी का नाम राजेश खिमजी है। वह राजकोट, गुजरात का रहने वाला है। उसके दस्तावेजों की जांच भी की जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शख्स का कोई परिजन जेल में है। उसी को छुड़ाने की अर्जी लेकर वह जनसुनवाई में पहुंचा था।
आरोपी पिछले 24 घंटे से CM आवास की रेकी कर रहा था। सिविल लाइन्स में उसने रात गुजारी थी। BJP प्रवक्ता प्रवीन शंकर का कहना है कि आरोपी के किसी भी पार्टी से जुड़े होने की पुष्टि नहीं हुई है।

