दिल्ली में बारिश से मंदिर की दीवार गिरी: 2 बच्चों समेत 7 लोगों की मौत, मरने वालों में चार एक ही परिवार के
Published:
2 min read

दिल्ली के जैतपुर इलाके की घटना
दिल्ली के हरिनगर में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां लगातार हो रही तेज बारिश के चलते मंदिर की दीवार ढह गई। इसके चलते 7 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 2 बच्चे और 2 महिलाएं भी शामिल हैं। इनमें से चार लोग एक ही परिवार से हैं।
यह घटना सुबह करीब 9 बजे हुई। जिसके बाद सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को निकालना शुरू किया। 8 लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया। जबकि 7 लोगों की मौत हो गई।
दीवार से सटाकर झुग्गियां बनाकर रह रहे थे लोग
पुलिस ने बताया कि कुछ लोग मंदिर की दीवार से सटाकर झुग्गियां बनाकर रहते हैं। शनिवार को मंदिर की दीवार झुग्गियों के ऊपर ही गिर गई। इसके चलते इनमें रह रहे लोग मलबे में दब गए। हादसे में 7 लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने मंदिर के आसपास बनी झुग्गियों को खाली करा दिया है।
मृतकों की पहचान शबीबुल (30), रबीबुल (30), मुथु अली (45), रुबीना (25), दलिया (25), रुखसाना (6) और हसीना (7) के रूप में हुई है।
बीते 24 घंटे में भारी बारिश
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश हुई है। लगातार हो रही बारिश के चलते कई इलाकों में पानी भर गया। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली के सफदरजंग स्थित प्राथमिक मौसम केंद्र ने 78.7 मिमी, प्रगति मैदान में 100 मिमी, लोधी रोड में 80 मिमी, पूसा में 69 मिमी और पालम में 31.8 मिमी बारिश दर्ज की।

