CRPF का कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे को पत्र: लिखा- राहुल गांधी विदेश यात्रा के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन कर रहे, यह गंभीर चिंता का विषय
Published:
2 min read

सीआरपीएफ ने राहुल गांधी की इटली, वियतनाम, दुबई, लंदन, कतर और मलेशिया की यात्राओं का जिक्र किया है।
सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखा है। इस पत्र में सीआरपीएफ ने कहा कि राहुल गांधी अपनी विदेश यात्राओं के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन कर रहे हैं।
इस मामले में CRPF ने राहुल गांधी को भी एक पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन करना गंभीर चिंता का विषय है।
'राहुल ने कई मौकों पर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया'
राहुल गांधी के पास एडवांस सिक्योरिटी लाइजन (ASL) के साथ Z प्लस सिक्योरिटी है। समाचार एजेंसी एएनआई ने सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से बताया, राहुल गांधी ने कई मौकों पर जरूरी सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया। सीआरपीएफ ने 10 सितंबर को राहुल और खड़गे को भेजे गए पत्र में कहा कि इस तरह की चूक VVIP सुरक्षा व्यवस्था के इफेक्टिवनेस को कमजोर करती है और उन्हें संभावित खतरों का सामना करना पड़ सकता है।
सूत्रों के मुताबिक, सीआरपीएफ ने भविष्य की यात्राओं के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की है। इस पत्र में राहुल की इटली, वियतनाम, दुबई, कतर, लंदन और मलेशिया की विदेश यात्राओं का जिक्र है।
पहले से देनी होती है विदेश यात्राओं की जानकारी
राजनीतिक और व्यक्तिगत वजहों से राहुल गांधी अक्सर विदेश दौरे करते रहते हैं। येलो बुक प्रोटोकॉल के मुताबिक, हाई कैटेगरी सुरक्षा कवर के तहत लोगों को पर्याप्त सुरक्षा तैनाती के लिए पहले से विदेश यात्राओं की जानकारी देनी होती है। सीआरपीएफ ने कहा कि राहुल गांधी ने इस प्रक्रियाओं का लगातार पालन नहीं किया।
यह पहला मौका नहीं जब राहुल गांधी की सुरक्षा जांच के घेरे में आई हो। पहले भी सुरक्षा एजेंसियों ने ऐसे कई मामलों की जानकारी दी, जब राहुल ने प्रोटोकॉल की अनदेखी की, जिससे संभावित खतरों को लेकर चिंताएं पैदा हुईं। हालांकि, कांग्रेस की ओर से सीआरपीएफ के पत्र पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

