कैसे सुलझी एक साल पुुरानी मर्डर मिस्ट्री : प्रेमी की गलती से पकड़ी गई कातिल पत्नी; सिर्फ 50,000 में दे दी थी सुपारी
Published:
4 min read

सोनिया और उसका पति प्रीतम।
एक साल पहले दिल्ली के अलीपुर का रहने वाला प्रीतम गायब हो गया था। उसकी पत्नी सोनिया ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में पुलिस को हरियाणा के सोनीपत से एक लाश मिली। हालांकि, इसकी पहचान नहीं हो पाई। फिर एक दिन अचानक प्रीतम का फोन एक्टिव हो गया।
पुलिस फोन ट्र्रैकिंग के जरिए उस आदमी तक पहुंची जो प्रीतम का फोन यूज कर रहा था। वो शख्स कोई और नहीं, प्रीतम की पत्नी सोनिया का प्रेमी था। उसने पूछताछ में सारा सच उगल दिया। उसने बताया कि सोनिया ने ही पति प्रीतम की हत्या कराई थी।
आरोपी महिला का दावा- पति ड्रग्स लेता था
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी महिला का कहना है कि उसके पति प्रीतम को ड्रग्स की लत थी। वह हमेशा नशे में घर आकर मारपीट करता था। प्रीतम नशे के साथ डकैती, चौरी, अवैध हथियार रखने जैसे कई तरह के अपराध में शामिल था। सोनिया ने बताया कि उसने पति को कई बार समझाया था कि नशा और क्राइम छोड़ दे, लेकिन वो नहीं माना।
रोहित से करवाना चाहती थी पति की हत्या
इसी बीच सोनिया का रोहित नाम के कैब ड्राइवर से प्रेम-प्रसंग भी चलने लगा। रोहित का भी क्रिमिनल रिकॉर्ड था। पिछले साल की बात है। 2 जुलाई 2024 को सोनिया और प्रीतम में लड़ाई हो गई। सोनिया ने पुलिस को बताया कि लड़ाई के बाद वो बहन के घर सोनीपत चली गई थी। सोनिया को उसके प्रेमी रोहित ने ही सोनीपत छोड़ा था। दोनों ने उसी वक्त प्रीतम को मारने का प्लान बनाया। हालांकि, पैसों की वजह से प्लान फेल हो गया।
50 हजार में दी पति की सुपारी
5 जुलाई को प्रीतम सोनिया को वापस बुलाने सोनीपत गया। हालांकि, दोनों के बीच फिर से झगड़ा हुआ। सोनिया अब किसी तरह प्रीतम को रास्ते से हटाना चाहती थी। उसने इस बार बहन के देवर विजय को हत्या करने के लिए मना लिया। विजय ने हत्या के बदले एक लाख की डिमांड की, लेकिन 50 हजार में मान गया। रात में जब सभी लोग सो गए तो विजय ने प्रीतम की हत्या कर दी।
हत्या के बाद नाले में फेंका शव
विजय ने लाश को चादर में लपेटा और पास के नाले में फेंक दिया। सोनिया ने प्रीतम का फोन अपने पास रख लिया। कुछ दिन बाद प्रीतम का शव मिला लेकिन उसकी पहचान न हो सकी। सोनिया ने खुद ही अलीपुर थाने जाकर पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाई। उसने प्रीतम का मोबाइल रोहित को दिया और कहा कि इसे फेंक देना। यहीं पर दोनों ने चूक कर दी। पुलिस ने पड़ताल शुरू की तो पता चला कि प्रीतम कई महीनों से लापता है। जांच के दौरान सोनिया कभी भी पुलिस के पास अपडेट लेने नहीं आई।
प्रेमी की गलती से पकड़ी गई सोनिया
पुलिस ने प्रीतम के मोबाइल को ट्रैक किया पता चला कि मोबाइल अभी भी एक्टिव है। दरअसल, प्रीतम की हत्या के बाद रोहित उसका फोन यूज कर रहा था। पुलिस ने सबसे पहले उसे दबोचा। पूछताछ में उसने सारा सच उगल दिया। रोहित के बाद पुलिस ने सोनिया को हिरासत में लिया। कुछ देर तक तो सोनिया ने पति की हत्या की बात नहीं कबूली। लेकिन बाद में उसने गुनाह कबूल कर लिया। तब तक चोरी के अन्य मामले में विजय ऑलरेडी गिरफ्तार हो चुका था।
सोनिया को प्रेमी से मिला धोखा
इस बीच सोनिया ने पति प्रीतम की एक कार 2 लाख 80 हजार में बेच दी। कुछ पैसे रोहित को दिए और कुछ पैसे खुद खर्च कर दिए। हालांकि, रोहित ने सोनिया को धोखा देते हुए दूसरी शादी कर ली थी। उसने सोनिया को इसकी भनक भी नहीं लगने दी। फिलहाल, सोनिया और रोहित दोनों गिरफ्तार हो चुके हैं।

