PM मोदी ने उपराष्ट्रपति बनने पर सीपी राधाकृष्णन को दी बधाई: बोले- आप संसदीय संवाद को आगे बढ़ाएंगे; खड़गे ने कहा- उम्मीद है कि विपक्ष को समान जगह और सम्मान देंगे
Published:
2 min read

उपराष्ट्रपति चुनाव में NDA के सीपी राधाकृष्णन ने विपक्ष के उम्मीदवार सुदर्शन रेड्डी को हरा दिया।
NDA के सीपी राधाकृष्णन ने उपराष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल की। 9 सितंबर को हुए चुनाव में उन्होंने INDIA ब्लॉक से उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी को 152 वोटों से हराया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत तमाम नेताओं ने सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति बनने पर बधाई दी।
समृद्ध अनुभव राष्ट्र की प्रगति में योगदान देंगे- राष्ट्रपति मुर्मू
दूसरी ओर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करने पर शुभकामनाएं दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा- सार्वजनिक जीवन में आपके दशकों के समृद्ध अनुभव राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
'संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करेंगे'
PM मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- उनका जीवन हमेशा समाज की सेवा और गरीबों, हाशिए पर पड़े लोगों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित रहा है। हमे विश्वास है कि वे एक उत्कृष्ट उपराष्ट्रपति होंगे, जो हमारे संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करेंगे और संसदीय संवाद को आगे बढ़ाएंगे।
खड़गे ने दी बधाई
कांग्रेस अध्यक्ष मल्ल्किार्जुन खड़गे ने उपराष्ट्रपति चुनाव में जीतने पर सीपी राधाकृष्णन को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- हम विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी को उनके उत्साहपूर्ण और सिद्धांतबद्ध संघर्ष के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं। यह एक चुनाव से कहीं बढ़कर था; यह विचारधारा की लड़ाई थी, जिसने इस बात की पुष्टि की कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सत्तावादी प्रवृत्तियों वाली सरकारों पर अंकुश लगाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा, हमें उम्मीद है कि नए चुने हुए उपराष्ट्रपति संसदीय परंपराओं के सर्वोच्च मूल्यों का पालन करेंगे, विपक्ष के लिए समान स्थान और सम्मान सुनिश्चित करेंगे, और सत्ताधारी दल के दबाव में नहीं आएंगे। हमें यह भी याद रखना चाहिए कि इस चुनाव की आवश्यकता क्यों पड़ी। जगदीप धनखड़ ने मानसून सत्र के उद्घाटन के दिन ही अचानक इस्तीफा दे दिया - यह अभी भी अस्पष्ट और अनौपचारिक रूप से हुआ।
हाशिए पर पड़े लोगों की सेवा में मदद करेंगे- अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा- सीपी राधाकृष्णन जी को भारत के उपराष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई। मुझे पूरा विश्वास है कि समाज के निचले स्तर से उठे एक नेता के रूप में आपकी दूरदर्शिता और प्रशासन के बारे में ज्ञान, हाशिए पर पड़े लोगों की सेवा के लिए हमारे संसदीय लोकतंत्र में मदद करेगा।

