सीरम इंस्टीट्यूट का बयान: कोविशील्ड पूरी तरह सुरक्षित, हार्ट अटैक से कोई संबंध नहीं
Published:
3 min read

भारत में 1 बिलियन लोगों को कोविड वैक्सीन लगाई गई।
कोरोना वैक्सीन से हार्ट अटैक को लेकर जारी बहस के बीच सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया का बयान आया है। कोरोना वैक्सीन बनाने वाले सीरम इंस्टीट्यूट ने स्पष्ट किया है कि उनकी कोविड-19 वैक्सीन कोविशील्ड पूरी तरह से सुरक्षित और प्रमाणित है। कार्डियक अटैक या अचानक होने वाली मौतों से वैक्सीन का कोई संबंध नहीं है।
सीरम इंस्टीट्यूट का यह बयान ऐसे वक्त पर आया, जब ICMR और AIIMS ने देश में अचानक हो रहीं हार्ट अटैक से मौतों पर स्टडी की रिपोर्ट पेश की। ICMR और AIIMS ने कई फेक्टर्स पर स्टडी की, इसमें जेनेटिक्स, लाइफस्टाइल और पोस्ट कोविड कॉम्प्लीमेंट्स को शामिल किया गया।
SII ने सोशल मीडिया X पर लिखा- कोविशील्ड एक वैज्ञानिक रूप से मान्य वैक्सीन है, जिसे कोविड संकट के समय लाखों लोगों को लगाया गया। इसकी प्रभावशीलता और सुरक्षा, स्वयं इसके उपयोग से सिद्ध होती है।

कोरोना काल के बाद से भारत में युवाओं की हार्ट अटैक से मौत के मामले तेजी से बढ़े हैं। ऐसे में इसे कोरोना वैक्सीन से भी जोड़ा जा रहा है। हाल ही में कर्नाटक के हासन जिले में 1 महीने में हार्टअटैक से 18 लोगों की मौत के बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने इसे कोविड वैक्सीन से जोड़ते हुए बयान दिया था। हालांकि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि अब तक कोविड वैक्सीन और हार्ट अटैक के बीच कोई सीधा संबंध नहीं पाया गया है।
कर्नाटक के हासन जिले में एक महीने में 18 से अधिक लोगों की अचानक मौत से देशभर में हार्ट अटैक के केस चर्चा में हैं। हेल्थ मिनिस्ट्री ने जोर देते हुए कहा कि वैक्सीन पर गहन स्टडी की गई है, वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। वैक्सीन के लाभ किसी जोखिम से अधिक हैं।
अचानक मौतों पर हो रही स्टडी
अचानक हार्ट अटैक से हो रही मौतों के कारण को जानने के लिए बड़े पैमाने पर 2 स्टडी की जा रही हैं। ICMR (इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च) और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इपिडेमीओलॉजी ने 18 से 45 साल की उम्र के युवाओं अचानक मौत पर जांच की है। यह स्टडी देश के 19 राज्यों के 47 अस्पताल में की गई। दूसरी स्टडी दिल्ली AIIMS, ICMR के साथ मिलकर कर रहा है। जिसमें हाल ही में हो रही अचानक मौतों की जांच की जा रही है।
100 करोड़ लोगों को लगी वैक्सीन
भारत में कोविड वैक्सीनेशन प्रोग्राम के एक बिलियन लोगों को कोविशील्ड और कोवैक्सिन लगाई गई है।

