कांग्रेस के एस जयशंकर से सवाल: पूछा- SCO में पहलगाम मुद्दा क्यों नहीं उठा, PAK का साथ दुनिया क्यों दे रही
Published:
2 min read

कांग्रेस नेता शमा मोहम्मद
चीन में आयोजित हुए SCO समिट के संयुक्त बयान में पहलगाम हमले का जिक्र न होने पर राजनीति तेज हो गई है। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर विदेश मंत्री एस जयशंकर से सवाल किए हैं। कांग्रेस ने पूछा कि एससीओ समिट में पहलगाम का मुद्दा क्यों नहीं उठाया गया और दुनिया पाकिस्तान का साथ क्यों दे रही है?
कांग्रेस की नेता शमा मोहम्मद ने कहा, हमारी विदेश नीति किस स्तर पर है, यह स्पष्ट दिख रहा है। SCO समिट में पहलगाम आतंकी हमले की कोई चर्चा नहीं की गई। दुनिया भारत के साथ न होकर पाकिस्तान के साथ क्यों खड़ी है? विदेश मंत्री को इस मुद्दे पर जवाब देना चाहिए।
उन्होंने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा, ‘ये लोग (बीजेपी नेता) कहते हैं, हमारी विदेश नीति उच्च स्तर पर है। लेकिन देखने में यह बात स्पष्ट दिख रही है कि चीन में SCO समिट के दौरान बलूचिस्तान प्रतिरोध का मुद्दा उठाया गया।
शमा मोहम्मद ने कहा, SCO में 22 अप्रैल को पाकिस्तान द्वारा कराए गए पहलगाम आतंकी हमले पर एक शब्द नहीं बाेला गया। हमने 26 लोगों को खो दिया है, हमने दिखाया कि यह पाकिस्तान ने किया है। इसके बावजूद बिना किसी निंदा के दुनिया पाकिस्तान के साथ खड़ी है। भारत के साथ कोई नहीं था। इस मामले पर विदेश मंत्री जयशंकर को जवाब देना चाहिए कि पहलगाम हमले का मुद्दा एससीओ में क्यों नहीं था।
राजनाथ का जॉइंट स्टेटमेंट पर साइन करने से इनकार
हाल ही में SCO के रक्षा मंत्रियों की बैठक हुई, जिसमें भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल हुए। बैठक के अंत में एक संयुक्त बयान तैयार किया गया, इसमें पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र ही नहीं था। इसमें भारत को घेरने के इरादे से बलूचिस्तान का मुद्दा जरूर उठाया गया था। ऐसे में राजनाथ सिंह ने इस पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर इस दस्तावेज में आतंकवाद का जिक्र ही नहीं होगा तो भारत इस पर हस्ताक्षर नहीं करेगा। क्योंकि यह संगठन ही आतंकवाद से मुकाबले के लिए बना है।

