थरूर के वफादारी वाले बयान पर पार्टी का जवाब : कांग्रेस नेता मुरलीधरन बोले- थरूर हमारे साथ नहीं, किसी पार्टी फंक्शन में नहीं बुलाया जाएगा
Published:
2 min read

कांग्रेस सांसद शशि थरूर के खिलाफ कई कांग्रेस नेता बयान दे चुके हैं। (फाइल फोटो)
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पिछले हफ्ते वफादारी और राष्ट्र सर्वप्रथम की बात की थी। इसके बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. मुरलीधरन ने जवाब दिया। कहा- थरूर हमारे साथ नहीं हैं। उनको किसी पार्टी कार्यक्रम में नहीं बुलाया जाएगा।
सीनियर लीडर कन्नोथ मुरलीधरन ने कहा कि थरूर को केरल में पार्टी के किसी भी प्रोग्राम में इनवाइट नहीं किया जाएगा जब तक कि वो नेशनल सिक्योरिटी को लेकर अपनी राय नहीं बदल लेते। मुरलीधरन ने आगे कहा कि थरूर कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य हैं, लेकिन उन्हें आप हम जैसा मत मानिए। उन्होंने कहा, पार्टी की नेशनल लीडरशिप ही यह तय करेगी कि थरूर के खिलाफ क्या एक्शन लेना है।
थरूर के किस बयान पर कांग्रेस खफा
थरूर ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि राष्ट्र सबसे पहले है और पार्टियां देश को बेहतर बनाने का साधन हैं। इस बयान के बाद मुरलीधरन की यह प्रतिक्रिया आई है। माना जा रहा है कि केरल राज्य कांग्रेस की यूनिट हाईकमान से थरूर के खिलाफ एक्शन लेने को कहेगी।
शनिवार को कोच्चि में एक कार्यक्रम के दौरान थरूर ने कहा था- बॉर्डर पर जो कुछ भी हुआ उसके बाद मैंने सेना और केन्द्र सरकार का साथ दिया । लेकिन मैं अपना रुख नहीं बदल सकता। इसकी वजह यह है कि मुझे पूरा यकीन है कि मैं देश के लिए सही कर रहा हूं। सवाल यह है कि आपकी लॉयलटी किसके लिए हैं। मेरी नजर में देश सबसे पहले है। हमारे जैसे नेता और पार्टियां देश को बेहतर बनाने का साधन हैं। इसलिए मेरे विचार में आप जिस पार्टी में हैं उसका मकसद एक बेहतर और विकसित भारत बनाना होना चाहिए।
थरूर ने आगे कहा था- मेरे जैसे लोग जब राष्ट्र सुरक्षा के मुद्दे पर दूसरी पार्टियों का सहयोग करते हैं, तो कई बार उनकी पार्टी को लगता है कि उनके साथ धोखा कर रहे है। यही बड़ी परेशानी है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद थरूर का रुख उनकी पार्टी कांग्रेस से बिल्कुल अलग था। वो केंद्र सरकार के साथ नजर आ रहे थे, जबकि कांग्रेस सरकार पर सवालिया निशान लगा रही थी।

