अब कांग्रेस विधायक ने गाया RSS का गीत: कर्नाटक के MLA बोले- दूसरों की अच्छी बातें सीखने में बुराई नहीं; डिप्टी CM ने भी गाया था यही गीत
Published:
3 min read

तस्वीर कांग्रेस विधायक एचडी रंगनाथ की है। रंगनाथ को कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार का करीबी समझा जाता है। रंगनाथ कई मामलों में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का विरोध कर चुके हैं।
कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके. शिवकुमार के बाद अब एक विधायक ने भी राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) का गीत ‘नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे...’ गाया है। इन विधायक का नाम एचडी रंगनाथ है।
रंगनाथ ने कहा- आखिर इसमें गलत क्या है। अगर किसी के पास कोई अच्छी बातें तो उन्हें स्वीकार करने या सीखने में दिक्कत कहां है। इसके पहले 21 अगस्त को डिप्टी CM शिवकुमार ने संघ का यह गीत गाया था। अब कर्नाटक में अपने दो बड़े नेताओं के RSS प्रेम को लेकर कांग्रेस में कयासबाजी शुरू हो गई है। वैसे भी शिवकुमार को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का बड़ा विरोधी माना जाता है।
RSS के गीत में सुंदर संदेश
कर्नाटक तुमाकुरु जिले के कुनिगल में मीडिया से बातचीत में विधायक रंगनाथ ने RSS की तारीफ की। कहा- उनके गीत में क्या गलत है। वो तो बहुत सुंदर गीत है। जब हमारे उप मुख्यमंत्री यह गीत गा रहे थे तो मैं भी वहां मौजूद था। मैंने इस पूरे गीत को ध्यान से सुना और इसका अर्थ भी समझा।
इसमें कहा गया है- हमें उस मातृभूमि को नमन करना चाहिए, जहां हमने जन्म लिया। अब बताइए इसमें क्या गलत है? कांग्रेस सेक्युलर पार्टी है। अगर उसके विरोधियों के पास अच्छे विचार हैं तो हमें यह सीखने चाहिए।
दोस्त और विरोधियों की पहचान है मुझे
कर्नाटक के डिप्टी CM डीके शिवकुमार ने 21 अगस्त को विधानसभा में RSS का गीत ‘नमस्ते सदा वत्सले मातृभुमे’ गाया था। इसको लेकर अब कर्नाटक में सियासी बहस शुरु हो गई। BJP ने कहा है कि अब कांग्रेस के नेता ही RSS की तारीफ करने लगे हैं। राहुल गांधी को कांग्रेस के नेता सीरियसली नहीं लेते।
वहीं, डीके शिवकुमार ने अपनी सफाई में कहा है- मैं जन्म से कांग्रेसी हूं। एक नेता के तौर पर मैं विरोधियों और दोस्तों को जानता हूं। डिप्टी CM डीके शिवकुमार का 73 सेंकेंड का एक वीडियो वायरल है। इसमें वह विधानसभा परिसर में RSS गीत- नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमि गाते नजर आ रहे थे। कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता R अशोका ने कहा कि इससे पहले शिवकुमार ने RSS की ड्रेस पहनी थी। अब उन्होंने खुशी से RSS गीत गाया है।
कांग्रेस के नेता कर रहे RSS की तारीफ- BJP
BJP के प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया X पर लिखा कि ‘नमस्ते सदा वत्सले मातृभुमे’ डीके शिवकुमार ने कर्नाटक विधानसभा में RSS गीत गाया। अब राहुल गांधी और गांधी वाड्रा परिवार के करीबी सहयोगी सीधे ICU/कोमा में हैं। PM मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से RSS के योगदान को याद किया था। अब कांग्रेस के नेता भी RSS की तारीफ कर रहे हैं। थरुर से लेकर डीके शिवकुमार तक कोई भी नेता राहुल गांधी को गंभीरता से नहीं लेता।

