दलित को अंतरिक्ष में भेजना चाहिए था: कांग्रेस नेता उदित राज बोले- शुभांशु शुक्ला ने स्पेस में जाने के लिए कोई परीक्षा तो पास की नहीं
Published:
2 min read

कांग्रेस नेता उदित राज ने शुभांशु शुक्ला को स्पेस में भेजे जाने पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेता उदित राज ने AXIOM- 4 अंतरिक्ष मिशन पर वायुसेना पायलट ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को भेजे जाने पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा, इससे पहले भी अंतरिक्ष में राकेश शर्मा को भेजा गया था, इस बार किसी दलित या ओबीसी को भेजा जाना चाहिए था।
कांग्रेस नेता ने अंतरिक्ष मिशन से सुरक्षित लौटने पर शुभांशु शुक्ला को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शुभांशु ने जो ज्ञान अर्जित किया है, उसका मानवता को लाभ होगा। उदित राज एक दलित नेता हैं। वे भाजपा से टिकट न मिलने पर नाराज होकर 2019 में कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
'NASA में चयन के लिए परीक्षा नहीं होती'
उदित राज ने कहा, AXIOM-4 मिशन के लिए शुभांशु शुक्ला की जगह एक दलित उम्मीदवार का चयन हो सकता था। इससे पहले अंतरिक्ष में राकेश शर्मा को भेजा गया था। तब SC-ST और OBC के लोग ज्यादा पढ़े लिखे नहीं थे। उन्होंने कहा- अंतरिक्ष में जाने के लिए NASA द्वारा कोई परीक्षा नहीं ली जाती और न ही कोई सेलेक्शन प्रक्रिया है। ऐसे में शुक्ला की जगह किसी दलित समुदाय से लोगों को भेजा जा सकता था।
उदित राज अपने बयानों के लिए चर्चा में बने रहते हैं। इससे पहले उन्होंने अपनी ही पार्टी के नेता शशि थरूर को बीजेपी का सुपर प्रवक्ता बता दिया था। थरूर ने ऑपरेशन सिंदूर के लिए पीएम मोदी की तारीफ की थी।
18 दिन बाद स्पेस से वापस लौटे शुक्ला
भारतीय एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष की इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) से वापसी हो गई है। शुभांशु और तीन दूसरे एस्ट्रोनॉट्स स्पेसएक्स के ड्रैगन कैप्सूल से पैराशूट के जरिए अमेरिका के कैलिफोर्निया समुद्री तट पर उतरे। तकनीकी तौर पर इस लैंडिंग को स्प्लैशडाउन कहा जाता है। इसके साथ ही शुभांशु अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय बन गए हैं। इससे पहले राकेश शर्मा 1984 में स्पेस में जा चुके हैं। शुभांशु शुक्ला 18 दिन स्पेस में रहने के बाद जमीन पर लौटे।

