'कांग्रेस ने बच्चों की टॉफी तक पर टैक्स लगाया': PM मोदी ने GST रिफॉर्म का जिक्र कर विपक्ष पर साधा निशाना
Published:
3 min read

GST रिफॉर्म की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा, इस बार धनतेरस की रौनक भी और ज्यादा रहेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नेशनल अवार्ड विजेता शिक्षकों को संबोधित किया। इस दौरान PM मोदी ने GST रिफॉर्म का जिक्र कर कांग्रेस पर निशाना साधा। मोदी ने कहा, कांग्रेस ने बच्चों की टॉफी तक पर टैक्स लगाया है।
15 अगस्त का वादा पूरा किया
मोदी ने कहा- मैं इस बार 15 अगस्त को लाल किले से कहा था कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म करना बहुत जरूरी है। मैंने देशवासियों से भी ये वादा किया था कि इस दिवाली और छठ पूजा से पहले खुशियों का डबल धमाका होगा। कल भारत सरकार ने राज्यों के साथ मिलकर बहुत बड़ा फैसला लिया।
22 सितंबर से नई दरें लागू
उन्होंने कहा- अब GST और भी ज्यादा सरल हो गया है। GST में दो ही रेट रह गए हैं- 5 और 18 प्रतिशत। 22 सितंबर को सोमवार यानि नवरात्रि के पहले दिन से GST की नई दरें लागू हो जाएंगी।
'कांग्रेस शासन में लाइफ इंश्योरेंस पर भी टैक्स'
मोदी ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा- पिछली सरकार ने सामानों पर बहुत ज्यादा टैक्स लगा रखे थे। 2014 के पहले कांग्रेस सरकार ने किचन आइटम, एग्रीकल्चर के सामान, दवाईयां तो छोड़िए लाइफ इंश्योरेंस पर भी कई तरह के टैक्स लगा रखे थे।
अगर आज कांग्रेस का शासन होता तो आपको 100 रुपए के सामान पर 20-25 रुपए का टैक्स देना होता। हमारी सरकार का मकसद है कि आम जनता की बचत ज्यादा से ज्यादा हो और लोगों का जीवन स्तर सुधरे।
आजाद भारत का सबसे बड़े आर्थिक सुधारों में से एक
प्रधानमंत्री ने कहा- इस बार धनतेरस की रौनक भी और ज्यादा रहेगी। क्योंकि दर्जनों चीजों पर टैक्स अब बहुत ही कम हो गया है। 8 साल पहले जब जीएसटी लागू हुआ तो कई दशकों का सपना साकार हुआ। ये आजाद भारत का सबसे बड़े आर्थिक सुधारों में से एक था। 21वीं सदी में आगे बढ़ते भारत में GST में भी नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म किया गया है।
सपोर्ट और ग्रोथ की डबल डोज
उन्होंने कहा- GST 2.0 ये देश के लिए सपोर्ट और ग्रोथ की डबल डोज है। नए जीएसटी रिफॉर्म से देश के हर परिवार को बहुत बड़ा फायदा होगा। गरीब, नियो मिडिल क्लास, मिडिल क्लास महिलाएं, स्टूडेंट्स, किसान, नौजवान सभी को जीएसटी टैक्स कम करने से जबर्दस्त फायदा होगा।
GST काउंसिल की मीटिंग में हुआ बड़ा फैसला
पीएम मोदी का ये बयान GST काउंसिल की बुधवार को हुई उस मीटिंग के बाद आया, जिसमें GST स्ट्रक्चर में बदलाव का फैसला लिया गया। अब सिर्फ 5% और 18% टैक्स स्लैब रहेंगे। जबकि 12% और 28% टैक्स स्लैब को खत्म कर दिया जाएगा।
इसके अलावा तंबाकू, सिगरेट और कुछ लग्जरी सामानों पर 40% का स्पेशल स्लैब लगेगा। ये 22 सितंबर से लागू हो जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इसकी जानकारी दी।

