ट्रम्प ने फिर किया भारत-PAK में सीजफायर कराने का दावा: जयराम रमेश बोले- 65 दिन में 22वीं बार क्रेडिट लिया
Published:
3 min read

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश (फाइल फोटो)
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर कराने का दावा किया है। इसे लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने एक बार फिर पीएम मोदी पर निशाना साधा है। जयराम रमेश ने कहा, 65 दिन में 22 बार, वही दावा। वे बार बार इसे दोहरा रहे हैं।
भारत-पाकिस्तान युद्ध को लेकर ट्रम्प के दावों पर जयराम रमेश लगातार पीएम मोदी पर निशाना साध रहे हैं। जयराम रमेश का यह बयान ट्रम्प के उस दावे के बाद आया, जो उन्होंने सोमवार को नाटो सेक्रेटरी जनरल मार्क रूटे के साथ बैठक के दौरान किया। ट्रम्प ने एक बार फिर दावा किया कि उन्होंने डील के जरिए भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाने का दावा किया। इससे पहले 8 जुलाई को डोनाल्ड ट्रम्प ने पत्रकारों से बातचीत में यही दावा किया था। इस पर जयराम रमेश ने जवाब न देने के लिए पीएम मोदी पर निशाना साधा था।
पीएम मोदी चुप्पी कब तोड़ेंगे- जयराम रमेश
तब जयराम रमेश ने कहा था, राष्ट्रपति ट्रम्प लगातार यही दावा कर रहे हैं कि उन्होंने ही मई में भारत-पाकिस्तान के बीच चार दिन चले युद्ध को रुकवाया। दोनों देशों के बीच यह संघर्ष परमाणु युद्ध में बदलने वाला था। भारत और पाकिस्तान युद्धविराम के लिए इसलिए तैयार हुए क्योंकि उन्होंने अमेरिका के साथ व्यापार का लालच और दबाव- यानी 'गाजर और डंडे' की नीति-का इस्तेमाल किया। साफ शब्दों में कहें तो उनका संदेश था- तुरंत युद्ध रोकिए, वरना अमेरिकी बाजार और निवेश से हाथ धो बैठिए।
उन्होंने कहा, राष्ट्रपति ट्रंप इन दावों का ढिंढोरा ऐसे समय पर पीट रहे हैं जब वह यह भी घोषणा कर रहे हैं कि भारत और पाकिस्तान के साथ अमेरिका का व्यापार समझौता बहुत जल्द होने वाला है। पीएम मोदी, जिन्हें कभी उनके ही वरिष्ठ सहयोगी घनश्याम तिवारी ने कभी बीजेपी का ‘ट्रंप कार्ड’ कहा था ,इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी कब तोड़ेंगे?
विदेश मंत्रालय ने ट्रंप के दावों का किया खंडन
भारत सरकार लगातार अमेरिकी राष्ट्रपति के इस दावे पर खंडन कर चुकी है। विदेश मंत्रालय ने साफ शब्दों में कहा है, लंबे समय से हमारी राष्ट्रीय नीति रही है कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर से संबंधित किसी भी मुद्दे को भारत और पाकिस्तान ही द्विपक्षीय रूप से हल करेंगे। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट कर दिया था कि ऑपरेशन सिंदूर के शुरू होने और युद्ध खत्म होने के बाद भारतीय और अमेरिकी नेताओं के बीच व्यापार का मुद्दा नहीं उठा।
7 मई को भारत ने दिया था पहलगाम हमले का जवाब
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में अप्रैल में आतंकियों ने हमला किया था। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे। पहलगाम हमले के जवाब में भारत ने 7 मई को पाकिस्तान और पीओके में स्थित आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की थी। इसे ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया गया था। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों के साथ कई एयरबेस को भी ध्वस्त कर दिया था।

