कर्नाटक का CM नहीं बदलेगी कांग्रेस : पार्टी महासचिव सुरजेवाला बोले- रिस्क नहीं ले सकते; डिप्टी CM शिवकुमार के समर्थक विधायक का दावा खारिज
Published:
2 min read

डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया (फाइल फोटो)
बेंगलुरु. कांग्रेस ने कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने की अटकलों का खारिज कर दिया। पार्टी जनरल सेक्रेटरी रणदीप सुरजेवाला ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ कर दिया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री को नहीं बदला जाएगा। सुरजेवाला के मुताबिक, पार्टी कर्नाटक को लेकर रिस्क नहीं ले सकती।
दरअसल, पिछले दिनों कर्नाटक कांग्रेस विधायक एचए इकबाल ने दावा किया था कि उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को जल्द ही मुख्यमंत्री बनने का मौका मिल सकता है। इसके बाद सुरजेवाला का यह बयान सामने आया है।
लीडरशिप में बदलाव हुए तो क्या होगा
CM सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री शिवकुमार के बीच मुख्यमंत्री बनने को लेकर विवाद लंबे वक्त से चल रहा है। सिद्धारमैया ने कहा था कि वो ढाई साल के बाद सीएम पद छोड़ देंगे और शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनने का मौका देंगे। अब जैसे-जैसे सिद्धारमैया के वादे को पूरा करने का वक्त करीब आ रहा है, दोनों नेताओं के समर्थक विधायकों के बीच बयानबाजी बढ़ गई है। अगर कांग्रेस आलाकमान दोनों नेताओं यानी सिद्धारमैया और शिवकुमार की सहमति के बगैर कोई बदलाव करता है या एकतरफा फैसला लेता है तो पार्टी में गुटबाजी और सत्ता संघर्ष की स्थिति बन सकती है। BJP और JDS कांग्रेस की इस अंदरूनी कलह का फायदा उठा सकती हैं।
‘पांच साल मुख्यमंत्री रहूंगा’
दूसरी तरफ, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भी मीडिया से बातचीत में कुर्सी छोड़ने की खबरों पर सफाई दी। सीएम ने कहा- मैं पांच साल का टैन्योर पूरा करूंगा। क्या किसी को कोई दिक्कत है?
सिद्धारमैया के इस बयान से भी सीएम बदलने की अटकलें खत्म होती दिख रही हैं, लेकिन सवाल यह है कि क्या शिवकुमार और उनके समर्थक चुप बैठ जाएंगे।
सिद्धारमैया ने बीजेपी पर भी निशाना साधा। कहा- बीजेपी तो कुछ भी दावे कर सकती है, वो क्या कांग्रेस आलाकमान है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अंदरूनी मामलों पर उन्हें अपोजिशन की सलाह की जरूरत नहीं है।
“मेरे पास विकल्प नहीं, मै उनका समर्थन करता हूं”
उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने CM सिद्धारमैया का समर्थन किया है। इंडिया टुडे से बातचीत में उन्होंने कहा- मैं सीएम नहीं बनना चाहता। 2028 के विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस को मजबूत करने पर मेरा फोकस है। मैं एक अनुशासित पार्टी कार्यकर्ता हूं और पार्टी के फैसले के साथ खड़ा हूं।

