CJP नेता आशुतोष रांका के साथ मारपीट: जयपुर में स्कूल का जायजा लेने पहुंचे थे; ग्रामीणों ने दौड़ाया-गाड़ियों में भी तोड़फोड़
Published:
2 min read

आशुतोष रांका और CJP कार्यकर्ताओं के साथ जयपुर के बागरू गांव में स्थानीय लोगों ने मारपीट की
नेशनल डेस्क. कॉकरोच जनता पार्टी के नेता आशुतोष रांका के साथ राजस्थान में मारपीट का मामला सामने आया है। रांका CJP के कार्यकर्ताओं के साथ जयपुर के ग्रामीण इलाके में स्कूल का जायजा लेने पहुंचे थे। इस दौरान ग्रामीणों ने उनका विरोध किया और उन्हें खदेड़ा। इस दौरान CJP कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट भी की गई और उनकी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई।

रांका ने कहा- हम लोग रामपुर कंवरपुरा के स्कूल का निरीक्षण करने गए थे। स्कूल भैसों के तबेले में चल रहा है। हम लोग जब पहुंचे, उससे पहले ही भाजपा के लोग वहां मौजूद थे। हमारे कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई। पुलिस को जानकारी देने के बाद भी ये लोग नहीं रुके। मारपीट हुई है। गाड़ी के शीशे तोड़े गए हैं। एक महिला के साथ मारपीट हुई है, उसके साथ मारपीट की गई। एक साथी का हाथ तोड़ दिया। पत्थर फेंके गए। मेरी शर्ट फाड़ दी।
स्कूल शिक्षा मंत्री को CJP का अल्टीमेटम
रांका ने कहा- हम मदन दिलावर (राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री) को 48 घंटे का समय देते हैं। इन गुंडों को अरेस्ट कीजिए। नहीं तो हम पूरे राजस्थान में आंदोलन करेंगे। हम सिर्फ स्कूलों की बात नहीं करेंगे। मदन दिलावर के इस्तीफे की बात होगी। भैसों के तबेले में स्कूल चल रहे हैं, आपको ये मंजूर है। ये मंजूर नहीं है कि कोई स्कूलों को ठीक करने की बात करे। शर्म से डूब मरना चाहिए।
उधर, CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने X पर वीडियो पोस्ट किया। इसमें उन्होंने लिखा- बीजेपी कार्यकर्ताओं ने आशुतोष और टीम पर हमला किया। आशुतोष और सीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई। पुलिस ने ये सब होने दिया। सच ये है कि भाजपा हम से डर गई है।
हमने मारपीट नहीं की- ग्रामीण
एक ग्रामीण जुगल किशोर शर्मा ने ANI से बातचीत में कहा- हमने मारपीट नहीं की। उन्होंने शुरुआत की। हमने प्यार से समझाया था। उन्होंने खुद अपनी गाड़ी के कांच तोड़े। स्कूल का विकास तो हो जाएगा। विधायक ने 12 लाख रुपए पास कराए हैं।

