CJP का 5 सितंबर को दिल्ली में मार्च का ऐलान: इसे NEET पीड़ितों के परिवार लीड करेंगे; केंद्र पर वादाखिलाफी का आरोप
Published:
2 min read

CJP नेता सौरव दास, अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका
नेशनल डेस्क. कॉकरोच जनता पार्टी ने 5 सितंबर को दिल्ली के इंडिया गेट से पुलिस हेडक्वार्टर तक मार्च निकालने का ऐलान किया है। CJP की सोमवार को हुई बैठक के बाद ये ऐलान किया गया। CJP ने कहा कि ये मार्च सरकार द्वारा 25 जुलाई को किए गए वादों को पूरा न करने के विरोध में निकाला जाएगा और इसका नेतृत्व NEET पीड़ितों और पुलिस बर्बरता के पीड़ितों के परिवार करेंगे।
इससे पहले CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने सोमवार को सभी राज्यों के शिक्षा मंत्रियों को पत्र लिखकर सरकारी स्कूलों के इंफ्रास्ट्रक्चर, टीचर्स की वैकेंसी और फंडिंग को लेकर जानकारी मांगी। दीपके ने अपने लेटर में पीने के पानी और क्लासेस तक न होने जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी पर सवाल उठाया। साथ ही उन्होंने मंत्रियों से पब्लिक एजुकेशन की स्थिति को जरूरी प्राथमिकता के तौर पर लेने की अपील की।
CJP की नेशनल वर्किंग कमेटी की बैठक
CJP की नेशनल वर्किंग कमेटी की बैठक भी सोमवार को हुई, इसमें आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। इस दौरान CJP ने सरकार द्वारा वादों को पूरा न कर पाने पर चिंता जताई। दरअसल, CJP ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के अलावा CJP प्रदर्शनकारियों पर दर्ज FIR वापस लेने और सुसाइड करने वाले NEET स्टूडेंट्स के परिवारों की मुआवजा देने की मांग की थी।
CJP ने आरोप लगाया कि सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, देश भर में छात्रों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज FIR की लिस्ट तक पेश नहीं की।
शांतिपूर्ण मार्च का ऐलान
CJP ने केंद्र पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए 5 सितंबर को नई दिल्ली में शांतिपूर्ण विरोध मार्च की अपील की है। CJP ने कहा कि सरकार के 25 जुलाई के वादों के बाद ही युवाओं ने आंदोलन वापस लिया था। लेकिन अब तक ये वादे पूरे नहीं किए गए। CJP के मुताबिक, 5 सितंबर को मार्च इंडिया गेट से शुरू होकर नई दिल्ली पुलिस मुख्यालय की ओर बढ़ेगा।

