TMC सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ FIR: अमित शाह के खिलाफ विवादित बयान देने का मामला, कहा था- सिर काटकर टेबल पर रखा देना चाहिए
Published:
2 min read

तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में FIR दर्ज। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ विवादित बयान देने का आरोप है।
तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में FIR दर्ज कराई गई है। उन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ विवादित बयान देने का आरोप है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, एक स्थानीय नागरिक की शिकायत पर महुआ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। टीएमसी सांसद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196 (धर्म, जाति, जन्म स्थान, निवास, भाषा आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) और धारा 197 (राष्ट्रीय एकता को नुकसान पहुंचाने वाले आरोप, दावे) के तहत मामला दर्ज किया गया।
महुआ का बयान आपत्तिजनक और असंवैधानिक- शिकायतकर्ता
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, गोपाल सामंतो ने अपनी शिकायत में कहा, मोइत्रा की टिप्पणी आपत्तिजनक और असंवैधानिक थी। शिकायत में कहा गया है कि 1971 में रायपुर के माना कैंप क्षेत्र में बड़ी संख्या में बांग्लादेशी शरणार्थी बसे थे और मोइत्रा के बयान से उनमें भय पैदा हो गया है, क्योंकि इस तरह की टिप्पणी से अन्य समुदायों में उनके प्रति गुस्सा भड़क सकता है।
महुआ मोइत्रा के क्या कहा
महुआ मोइत्रा का एक वीडियो हाल ही में वायरल हुआ था। इसमें वे कहती नजर आ रही हैं कि अगर अमित शाह बांग्लादेश से घुसपैठ रोकने में विफल रहते हैं, तो पहली चीज जो आपको करनी चाहिए वह यह है कि अमित शाह का सिर काटकर अपनी टेबल पर रख दें।
बताया जा रहा है कि महुआ ने ये विवादित बयान पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में पत्रकारों से बातचीत के दौरान गुरुवार को दिया। हालांकि, Raj Express इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता।

