ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है: CDS अनिल चौहान का बड़ा बयान, बोले- पूरे साल 24 घंटे देश की सैन्य तैयारी रहनी चाहिए
Published:
2 min read

सीडीएस अनिल चौहान
पहलगाम हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया था। अब इस पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ अनिल चौहान ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है। पूरे साल 24 घंटे देश की सैन्य तैयारी बहुत उच्च स्तर पर बनी रहनी चाहिए।
दिल्ली के सुब्रतो पार्क में डिफेंस सेमीनार को संबोधित करते हुए सीडीएस ने कहा, भविष्य में सेना को सूचना, टेक्नोलॉजी और स्कॉलर योद्धाओं की भी जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि जंग में कोई रनर-अप नहीं होता। किसी भी सेना को लगातार अलर्ट रहना चाहिए और उच्च स्तर की ऑपरेशनल तैयारी रखनी चाहिए। जनरल चौहान ने कहा, ऑपरेशन सिंदूर इसका उदाहरण है, जो अभी भी जारी है। हमारी तैयारियां 24*7, 365 दिन उच्च स्तर पर होनी चाहिए।
पहलगाम आतंकी हमला, जवाब में ऑपरेशन सिंदूर
22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने 26 पर्यटकों की मजहब पूछने के बाद गोली मार दी थी। भारत सरकार ने उसी वक्त यह ऐलान कर दिया था कि इस हमले के पीछे पाकिस्तान का हाथ है और इसका तय वक्त पर माकूल जवाब दिया जाएगा।
इसके बाद भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया। इसमें भारत ने पाकिस्तान और पीओके में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया। रिपोर्टस के मुताबिक- इसमें करीब 100 से अधिक आतंकी मारे गए।
ऑपरेशन सिंदूर वैसे तो सिर्फ 23 मिनट चला और इस दौरान इंडियन एयरफोर्स ने पाकिस्तान में स्ट्राइक्स की। हालांकि इसके बाद पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई करने की कोशिश की। फिर इसका जवाब भारतीय सेना ने दिया और पाकिस्तान के अहम एयरबेसेस को तबाह कर दिया। 4 दिन चले इस ऑपरेशन में स्ट्राइक और काउंटर स्ट्राइक में दोनों तरफ से ड्रोन्स, मिसाइल और लंबी दूरी की मिसाइल का इस्तेमाल किया गया। 10 मई को दोनों देशों के बीच सीजफायर हुआ।
पाक के 6 फाइटर जेट, 3 एयरक्राफ्ट तबाह
ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय एयरफोर्स ने पाकिस्तान के 6 फाइटर जेट, 3 एयरक्राफ्ट और 10 से ज्यादा ड्रोन और क्रूज मिसाइलें तबाह की थी। यह दावा न्यूज एजेंसी ANI ने सरकारी सूत्रों के हवाले से किया था।

