KCR ने बेटी कविता को BRS से सस्पेंड किया: पार्टी के खिलाफ काम करने का आरोप, कई सीनियर लीडर्स को करप्ट बताया था
Published:
2 min read

KCR ने अपनी बेटी के कविता को पार्टी से सस्पेंड किया। (फाइल)
भारतीय राष्ट्र समिति (BRS) ने मंगलवार को KCR की बेटी के कविता को पार्टी से सस्पेंड कर दिया। के कविता पर पार्टी विरोधी गतिविधियों और उनके हाल के व्यवहार के चलते एक्शन लिया गया। के कविता ने पिछले दिनों पार्टी के ही सीनियर नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे।
BRS ने बयान जारी कर कहा, पार्टी नेतृत्व ने MLC के कविता के हाल के व्यवहार, पार्टी विरोधी गतिविधियों के मामले को गंभीरता से लिया है। के कविता BRS पार्टी को नुकसान पहुंचा रही हैं। पार्टी अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव ने के कविता को तत्काल प्रभाव से पार्टी से सस्पेंड करने का फैसला लिया है।
के कविता ने क्या लगाए थे आरोप
तेलंगाना जागृति की अध्यक्ष के कविता ने BRS विधायक और पूर्व सिंचाई मंत्री टी. हरीश राव और अपने चचेरे भाई जोगिनपल्ली संतोष राव पर आरोप लगाया था कि उन्होंने ही पूर्व CM केसीआर को कालेश्वरम परियोजना पर पीसी घोष जांच आयोग में फंसाया है।
के कविता सोमवार को ही अमेरिका से लौट कर आई थीं। इसके बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया था कि उनके पिता केसीआर को कालेश्वरम विवाद में फंसाया जा रहा है। उन्होंने पार्टी के बाकी नेताओं पर भी इस मामले में चुप्पी साधने पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था, क्या तेलंगाना को गुस्सा नहीं आना चाहिए, जब ऐसे व्यक्ति पर आरोप लगाए जा रहे हैं, जिसका एकमात्र सपना तेलंगाना था।
अधिकारियों के खिलाफ जांच क्यों नहीं हो रही
कविता ने एक पूर्व सांसद और एक ठेकेदार की ओर इशारा करते हुए कहा था- पार्टी की छवि को धूमिल करने वाले भ्रष्टाचारियों के पीछे कौन है। उन्होंने कहा था- जिन अधिकारियों ने सैकड़ों करोड़ रुपये जमा किए हैं, उनकी जांच क्यों नहीं हो रही है? इसके बजाय, पूरा फोकस KCR पर है। उन्होंने दावा किया कि बीआरएस के दूसरे कार्यकाल के दौरान कालेश्वरम में अनियमितताओं की वजह से ही हरीश राव को सिंचाई मंत्री के पद से हटाया गया था।
कविता ने दावा किया था कि तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी ही हरीश राव और संतोष राव को बचा रहे हैं और तीनों केसीआर को निशाना बनाने के लिए आपस में मिले हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया, मेरे पिता को बेवजह निशाना बनाया जा रहा है जबकि असली दोषियों को बचाया जा रहा है।

