BRICS 2026: मलेशिया PM ने गाजा युद्ध पर इजराइल को ठहराया जिम्मेदार, पाकिस्तान के आतंकवाद पर सवाल टाला
Published:
2 min read

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम BRICS 2026 समिट में हिस्सा लेने नई दिल्ली पहुंचे हैं।
नेशनल डेस्क. मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने गाजा में इजराइल के एक्शन को 'स्टेट टेररिज्म' यानी राज्य प्रायोजित आतंकवाद करार दिया। हालांकि, जब उनसे भारत में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद और पहलगाम हमले को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने पाकिस्तान के लिए इजराइल की तरह शब्द इस्तेमाल करने से इनकार कर दिया।
BRICS समिट में हिस्सा लेने पहुंचे इब्राहिम ने NDTV को दिए इंटरव्यू में गाजा में हमास के खिलाफ इजराइली एक्शन की निंदा की। वहीं, पाकिस्तान से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि वह इस मामले में इतनी दूर तक नहीं जाएंगे।
गाजा और इजराइल पर क्या बोले इब्राहिम
अनवर इब्राहिम ने गाजा पर इजराइली कब्जे को खत्म करने की मांग की। उन्होंने कहा- हमास सिर्फ 20 साल पुराना संगठन है। लेकिन फिलिस्तीन पर इजराइल का कब्जा 70 साल पुराना है। उन्होंने कहा कि मलेशिया और भारत दोनों उपनिवेशवाद से परिचित हैं और इसलिए फिलिस्तीन पर इजराइल की कथित हुकुमत को स्वीकार नहीं किया जा सकता। मलेशियाई प्रधानमंत्री ने गाजा में हमले को अत्याचार बताते हुए कहा कि इजरायल की कार्रवाई राज्य प्रायोजित आतंकवाद है।
पाकिस्तान पर सवाल आया तो बोले- इतनी दूर तक नहीं जाऊंगा
इंटरव्यू के दौरान जब अनवर इब्राहिम से पूछा गया कि क्या वह भारत में पहलगाम आतंकी हमले में पाकिस्तान की नीति को भी स्टेट टेररिज्म कहेंगे तो उन्होंने इससे इनकार किया। उन्होंने कहा- मैं इतनी दूर तक नहीं जाऊंगा।
अनवर इब्राहिम ने कहा कि भारत में इस मुद्दे को लेकर ऐसी बात कहना बेहद संवेदनशील है। उन्होंने कहा, मेरे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अच्छे संबंध हैं, लेकिन मलेशिया पाकिस्तान के साथ भी बातचीत करता है।
पाकिस्तान के खिलाफ सबूतों पर क्या बोले इब्राहिम
जब उनसे भारत में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद से हुई मौतों को लेकर तथ्यों के साथ सवाल किया गया तो अनवर इब्राहिम ने कहा कि उनकी खुफिया एजेंसियों ने उन्हें ऐसी कोई पुष्टि नहीं दी है कि संबंधित आतंकवादी गतिविधियां पाकिस्तान प्रायोजित थीं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वे यह नहीं कह रहे हैं कि भारत में आतंकी घटनाएं नहीं हुईं।
उन्होंने आगे कहा- वह भारत में हुए आतंकवादी हमलों से इनकार नहीं कर रहे हैं। उनका कहना था कि आतंकवादी घटनाएं हुई हैं, लेकिन किसी घटना को निश्चित रूप से पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद कहने के लिए तथ्यों की पुष्टि जरूरी है।

