दीया मिर्जा का वीडियो फिर से अपलोड करने का सुझाव: बॉम्बे हाईकोर्ट ने बताई छोटी सोच; BMC ने हटाया था वीडियो
Published:
3 min read

वीडियो हटाने पर दीया मिर्जा ने कहा- यह वीडियो उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट और BMC के निर्देश पर लोगों की भलाई के लिए बनाया था। (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क. बॉम्बे हाईकोर्ट ने बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) को एक्ट्रेस दीया मिर्जा के वीडियो को फिर से अपलोड करने का सुझाव दिया है। हाईकोर्ट ने दिवाली पर इनवायरमेंट से जुड़ी अपील के वीडियो को हटाने पर नाराजगी जताई। इस वीडियो में मिर्जा ने हाईकोर्ट के ऑर्डर का हवाला देते हुए लोगों से पब्लिक प्लेस में पटाखे नहीं जलाने की अपील की थी।
जस्टिस कुलकर्णी और नीला गोखले की बेंच ने इसे छोटी सोच बताई है। उन्होंने कहा- यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि दिवाली पर एयर और नॉइस पॉल्यूशन पर अवेयरनेस फैलाने वाले वीडियो को अलग रंग दिया गया।
हाईकोर्ट ने कहा- हमने ऐसे किसी नेता को नहीं देखा, जिसने इस पर बयान दिया हो, या उसने अवेयरनेस वाला वीडियो बनाया हो। हम एक सेक्युलर देश हैं। हमें इससे बहुत दुख हुआ।
'यहां सेक्युलर भाव होना चाहिए'
हाईकोर्ट ने कहा- यह मुद्दा इनवायरमेंट से जुड़ा है, हर व्यक्ति चाहे, वह किसी भी धर्म और जाति का हो, उसे एक जैसी हवा से सांस लेनी है। हाईकोर्ट ने अवेयरनेस फैलाने के लिए सिविक बॉडी के कमिश्नर के सेलेब्रिटी के सलेक्शन को लेकर पूरी तरह से सही ठहराया। हाईकोर्ट ने कहा- यहां सेक्युलर भाव होना चाहिए। संविधान भी लोगों से उम्मीद करता है कि वह इसे बढ़ावा दें। अगर वीडियो हटाया गया है, तो उसे फिर से अपलोड किया जाना चाहिए, यह आईडियल होगा।
यह खबर भी पढ़ें; BMC का अजब-गजब यू-टर्न: पहले दीया मिर्जा से पटाखे-मुक्त दिवाली का वीडियो बनवाया, फिर 'एंटी-हिंदू' बताया; BJP बोली- हमें त्योहार मनाना न सिखाएं
BMC ने ही एक्ट्रेस से बनवाया था VIDEO
मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए BMC ने प्रदूषण-मुक्त दिवाली मनाने के लिए एक कैंपेन शुरू किया है। इसमें लोगों से पटाखे कम जलाने और पर्यावरण का ध्यान रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की जा रही है। BMC का यह कैंपेन बॉम्बे हाईकोर्ट के उस निर्देश के बाद आया था, जिसमें सार्वजनिक जगहों पर पटाखे न जलाने की बात कही गई थी।
इस कैंपेन के लिए BMC ने कई जानी-मानी हस्तियों की मदद ली। इनमें दीया मिर्जा, माधुरी दीक्षित, निशिगंधा वाड और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे शामिल हैं। इसके तहत अलग-अलग वीडियो मैसेज बनाए गए। ऐसे ही एक वीडियो में दीया लोगों से प्रदूषण को लेकर सावधानी बरतने की अपील करती नजर आई थीं।
सबसे पहले मुंबई BJP प्रेसिडेंट की आपत्ति
रविवार को मुंबई BJP अध्यक्ष अमित साटम ने दीया मिर्जा के वीडियो को लेकर आपत्ति जताई। उन्होंने BMC के ऑफिशियल अकाउंट को टैग करते हुए लिखा- हमें दीया मिर्जा से दिवाली मनाने का तरीका सीखने की जरूरत नहीं है। हमारी परंपराएं हमारी संस्कृति में गहराई से जुड़ी हुई हैं। इसके कुछ घंटे बाद BMC ने दीया का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया। हालांकि, कैंपेन में शामिल बाकी हस्तियों के वीडियो नहीं हटाए गए।
दीया ने जताई थी नाराजगी
वीडियो हटाए जाने पर दीया मिर्जा ने नाराजगी जताई। न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह वीडियो उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट और BMC के निर्देश पर लोगों की भलाई के लिए बनाया था।

