हैदराबाद में बम ब्लास्ट की धमकी: राजभवन समेत 4 अहम जगह सर्च ऑपरेशन जारी
Published:
2 min read

हैदराबाद में बम ब्लास्ट की धमकी
हैदराबाद में चार जगहों पर बम ब्लास्ट की धमकी मिली है। सिटी सिविल कोर्ट, राजभवन, जिमखाना क्लब और सिकंदराबाद सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस हाई अलर्ट पर आ गई।
पुलिस के मुताबिक, चार जगहों पर मंगलवार (8 जुलाई) को बम ब्लास्ट की धमकी मिली थी। इसके बाद पुलिस अलर्ट मोड में आ गई और चारों जगहों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
ईमेल से दी गई धमकी
दरअसल, सिटी सिविल कोर्ट को मेल भेजकर ये धमकी दी गई। मेल में लिखा था, शहर में सिटी सिविल कोर्ट, राजभवन, जिमखाना क्लब और सिकंदराबाद सिविल कोर्ट में RDX विस्फोटक लगाया गया है। धमकी मिलने के बाद इन चार जगहों पर खोजी कुत्तों और बम डिस्पोजल स्क्वायड की सहायता से पुलिस सर्च ऑपरेशन चला रही है। अभी तक पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
कोर्ट में काम ठप
बम की धमकी के बाद पुराने शहर के सिटी सिविल कोर्ट में अफरा-तफरी मच गई। जज, वकील और क्लाइंट्स कोर्ट से बाहर निकल आए। ब्लास्ट की धमकी की वजह से कोर्ट में चल रही कार्यवाही पर भी असर पड़ा। जैसे ही लोगों को बाहर निकलने के लिए कहा गया, वहां भगदड़ मच गई और अदालत के सारे काम रुक गए।
ACP वेंकटेश्वर राव ने मीरचौक पुलिस स्टेशन की टीमों को लीड किया और कोर्ट पहुंच कर सर्च ऑपरेशन चलाया। बताया जा रहा है कि धमकी भरा ईमेल अन्ना यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र के नाम से मंगलवार सुबह आया।

