कर्नाटक में CM बदलने पर पूछा गया सवाल : कांग्रेस अध्यक्ष बोले- फैसला हाईकमान करेगी; बीजेपी ने कहा- हमें तो लगता था आप ही हाईकमान हैं
Published:
2 min read

खड़गे से कर्नाटक CM को बदलने पर सवाल किया गया था।
कर्नाटक में CM बदलने को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर बीजेपी ने चुटकी ली है। खड़गे ने कहा कि कर्नाटक में लीडरशिप को लेकर कोई भी बदलाव पार्टी हाईकमान ही करेगी।
बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा कि अब तक सबको यही पता था कि खड़गे ही कांग्रेस हाईकमान हैं। हालांकि, वे तो किसी अदृश्य आलाकमान की बात कर रहे हैं।
आगे का फैसला हाईकमान करेगी
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मीडिया ने CM बदलने को लेकर सवाल किया। तब उन्होंने कहा, ‘यह फैसला हाईकमान पर छोड़ दिया गया है। आगे क्या करना है, इसका अधिकार भी उन्हीं के पास है, लेकिन कोई भी बिना वजह समस्याएं न पैदा करे।’
खड़गे ने जैसे ही यह बयान दिया, बीजेपी ने चुटकी लेनी शुरू कर दी। बीजेपी नेताओं का कहना है कि जब खुद खड़गे ही कांग्रेस के सर्वेसर्वा हैं, तो फिर वे किसकी बात कर रहे हैं। बीजेपी नेताओं का सीधा संबंध सोनिया और राहुल गांधी से है।
‘कांग्रेस का हाईकमान एक भूत की तरह’
कर्नाटक से बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या ने ट्विटर पर लिखा, ‘कांग्रेस का हाईकमान एक भूत की तरह है। इसे कोई देख और सुन नहीं सकता, बस महसूस कर सकता है। लोग सोचते थे कि कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ही हाईकमान हैं, लेकिन लगता है कि वे खुद को इस पोजिशन पर नहीं मानते।’

CM पद को लेकर विवाद क्या
रिपोर्ट्स की मानें तो 2023 में कांग्रेस की जीत के बाद कहा गया था कि ढाई-ढाई साल के फॉर्मूले के तहत पहले सिद्धारमैया और फिर डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री बनेंगे। अब दिसंबर 2025 में सिद्धारमैया के ढाई साल पूरे होने वाले हैं, इसलिए डीके शिवकुमार के समर्थक उन्हें CM बनाने की मांग कर रहे हैं। वहीं, सिद्धारमैया खेमे का कहना है कि वे पूरा 5 साल का कार्यकाल पूरा करेंगे। खुद सिद्धारमैया का भी यही कहना है।

