'राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाएंगे': तेजस्वी यादव के बयान पर BJP का तंज- मुंगेरी लाल के हसीन सपने दिखा रहे
Published:
2 min read

तेजस्वी यादव और राहुल गांधी वोट चोरी के मुद्दे पर बिहार में यात्रा निकाल रहे हैं।
बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले वोट चोरी के मुद्दे पर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव यात्रा निकाल रहे हैं। यात्रा के दौरान तेजस्वी यादव ने बुधवार को बड़ा बयान दिया। उन्होंने नवादा में रैली के दौरान कहा, लोकसभा चुनाव में इस बार राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाएंगे। इसे लेकर बीजेपी ने तंज कसा और कहा, तेजस्वी यादव राहुल गांधी को मुंगेरी लाल के हसीन सपने दिखा रहे हैं।
BJP सांसद संजय जायसवाल ने राहुल-तेजस्वी की यात्रा पर कहा, विपक्ष कुछ भी कर ले, कुछ होने जाने वाला नहीं है। NDA गठबंधन ही भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। इस दौरान उन्होंने राहुल को पीएम बनाने के तेजस्वी के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। जायसवाल ने कहा कि दो महीने से लालू यादव और तेजस्वी यादव महागठबंधन की ओर से सीएम पद की घोषणा को लेकर परेशान हैं।
'राहुल गांधी को मक्खन लगा रहे तेजस्वी'
उन्होंने कहा, कांग्रेस ऐसा नहीं कर रही है। कृष्णा अल्लावरु ने साफ कह दिया है कि उनके पास CM पद के लिए उम्मीदवार नहीं है। इसलिए वे राहुल गांधी को 'मक्खन' लगा रहे हैं। जिससे वह आश्वस्त हो जाएं और महागठबंधन के सीएम पद के उम्मीदवार की घोषणा कर दें। इसलिए तेजस्वी यादव उन्हें मुंगेरी लाल के हसीन सपने दिखा रहे हैं।
NDA गठबंधन ही भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी
बीजेपी सांसद संजय जायसवाल ने आगे कहा, उन्हें बताना चाहिए कि बिहार में किस व्यक्ति को (SIR) से दिक्कत है? 7.5 करोड़ में से कुछ लोगों के फॉर्म में दिक्कत हो सकती है। लेकिन बिहार की पूरी आबादी का अपमान करना सही नहीं है। राहुल गांधी जितना चाहें उतना घुमे, इससे कुछ नहीं होने जाने वाला है। बिहार में तो NDA गठबंधन ही भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

