जुमला शब्द बोलना भी अपराध हो गया: महाराष्ट्र में केस दर्ज होने पर बोले तेजस्वी- FIR से कौन डरता है; PM मोदी के खिलाफ किया था पोस्ट
Published:
2 min read

तेजस्वी ने मोदी के बिहार दौरे पर एक ट्वीट कर दिया था। इसके बाद उनके ऊपर FIR दर्ज कराई गई है।
तेजस्वी यादव के खिलाफ महाराष्ट्र में FIR दर्ज हुई है। तेजस्वी ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट किया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गडचिरोली में तेजस्वी यादव के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। यह शिकायत गडचिरोली से बीजेपी विधायक मिलिंद रामजी नरोटे ने दर्ज करवाई है।
नरोटे ने अपनी शिकायत में तेजस्वी पर आरोप लगाया की प्रधानमंत्री के गयाजी दौरे को लेकर तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी की।
तेजस्वी ने लिखा था- गया में लगेगी जुमलों की दुकान
तेजस्वी ने मोदी के बिहार दौरे को लेकर अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लिखा था- आज गया में लगेगी झूठ और जुमलों की दुकान। प्रधानमंत्री जी, गया में बिना हड्डी की जुबान से आज झूठ और जुमलों का हिमालय खड़ा करेंगे, लेकिन बिहार की न्यायप्रिय जनता दशरथ मांझी की तरह उनके झूठ और जुमलों के इन विशाल पहाड़ों को तोड़ देगी।
कई धाराओं में केस दर्ज
अधिकारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1)(a)(b), 356(2)(3), 352, और धारा 353(2) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
-
धारा 196(1)(a)(b)- विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने पर लगाई जाती है।
-
धारा 356(2)(3)- मानहानि पर लगाई जाती है।
-
धारा 352- शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करने पर लगाई जाती है।
-
धारा 353- सार्वजनिक उपद्रव फैलाने वाले बयानों से संबंधित है।
FIR से कौन डरता है
इस शिकायत पर तेजस्वी यादव ने कहा- FIR से कौन डरता है? जुमला शब्द बोलना भी अपराध हो गया है। वे लोग इतना घबराते क्यों हैं। हम इन सब चीजों से नहीं डरते।

