BJP ने 5 राज्यों के चुनाव में 529.38 करोड़ रु खर्च किए: सबसे ज्यादा बंगाल में 286 करोड़ का खर्चा; पार्टी ने EC में दाखिल रिपोर्ट में दी जानकारी
Published:
2 min read

पश्चिम बंगाल में बीजेपी पहली बार सत्ता में आई है।
नेशनल डेस्क. BJP ने इस साल हुए असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 529.38 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। खास बात ये है कि इनमें से करीब आधा खर्चा अकेला पश्चिम बंगाल में हुआ है। यह जानकारी चुनाव आयोग को BJP द्वारा दी गई चुनाव खर्च रिपोर्ट में सामने आई है।
इस रिपोर्ट के मुताबिक, बीजेपी ने 5 राज्यों में चुनाव में 529.38 करोड़ रुपए खर्च किया है। इसमें से 286 करोड़ रुपए अकेले पश्चिम बंगाल में खर्च हुआ है। ये खर्चा चुनाव तारीखों के ऐलान से नतीजे आने तक किया गया है। इन 5 राज्यों में चुनाव मार्च से मई के बीच में हुए थे। बीजेपी की रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में 15 मार्च से 6 मई के बीच में ये खर्चा हुआ है।
बंगाल में प्रचार पर 217 करोड़ खर्च
BJP ने 25 अगस्त को चुनाव आयोग में पश्चिम बंगाल और केरल इलेक्शन में खर्च की रिपोर्ट पेश की थी। इस रिपोर्ट के मुताबिक, पार्टी ने पश्चिम बंगाल में 217.16 करोड़ रुपए सामान्य प्रचार पर खर्च किया और 69.83 करोड़ रुपए उम्मीदवारों पर खर्च किए गए हैं।
इस रिपोर्ट के मुताबिक, प्रचार खर्च में पार्टी के राष्ट्रीय दफ्तर और राज्य, जिला और स्थानीय इकाइयों द्वारा किया गया खर्च शामिल है। 58 करोड़ रुपए उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने के लिए दिए गए। वहीं, 6.09 करोड़ रुपए सार्वजनिक सभाओं, रैलियों से जुड़ी व्यवस्थाओं पर 6.09 करोड़ रुपए खर्च किए गए। वहीं, 2.5 करोड़ रुपए उम्मीदवारों की आपराधिक जानकारी सार्वजनिक करने पर खर्च किए गए।
इस रिपोर्ट में केंद्र स्तर पर हुए खर्चे का भी जिक्र है। स्टार प्रचारकों की यात्राओं पर करीब 51.5 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। वहीं, 55.करोड़ रुपए केंद्र के स्तर पर विज्ञापनों पर खर्च हुआ है।
केरल में बीजेपी ने 82.67 करोड़ रुपए खर्च किए
केरल में बीजेपी ने विधानसभा चुनाव में 82.67 करोड़ रुपए खर्च किया है। इनमें से 54.93 करोड़ रुपए केंद्र से जुड़े प्रचार पर हुआ। जबकि उम्मीदवारों से जुड़ा खर्चा 27.74 करोड़ रुपए था।

