बिहार में अफसर दंपत्ति के ठिकानों पर रेड: 1 करोड़ से अधिक कैश; 48 लग्जरी वॉच, करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज बरामद
Published:
2 min read

यह कार्रवाई एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (सप्लाई) रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी दानापुर में जिला सब रजिस्ट्रार कुमारी स्वीटी के ठिकानों पर सोमवार को हुई।
नेशनल डेस्क. बिहार में एक अफसर दंपत्ति से जुड़ी जगहों पर विजिलेंस की छापेमारी में बेहिसाब दौलत मिली है, जिसमें 1 करोड़ रुपए कैश, ज्वेलरी, प्रॉपर्टी के कागज और महंगी घड़ियां शामिल हैं।
पटना में एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (सप्लाई) रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी दानापुर में जिला सब रजिस्ट्रार कुमारी स्वीटी के ठिकानों पर सोमवार को छापा मारा गया।
बेगूसराय और पटना में रेड
बिहार की विजिलेंस ब्यूरो ने पटना और उनके पेतृक घर बेगूसराय में कई जगह रेड की। अधिकारियों ने बताया, उन्होंने प्रॉपर्टी के दस्तावेज, बैंक अकाउंट, इंवेस्टमेंट और फाइनेंशियल लेनदेन के दस्तावेज साथ ही कैश और ज्वेलरी बरामद की है।
कैश की गिनती के लिए टीम को मशीनों की सहायता लेनी पड़ी। टीम ने कैश, ज्वेलरी और अन्य दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान विजिलेंस डिपार्टमेंट के DIG मौके पर मौजूद रहे। अभी तक 1 करोड़ से अधिक कैश, करोड़ों रुपए की ज्वेलरी और लग्जरी घड़ियां मिलीं हैं।
पटना में करीब ढाई करोड़ के 5 फ्लैट मिले
पटना में 70 लाख कैश और 6 लाख की कीमत की 48 लग्जरी घड़ियां मिली है। बेगूसराय से 9 लाख रुपए कैश, गोल्ड और सिल्वर की ज्वेलरी के साथ जमीनों के कागज मिले हैं। दोनों जगहों से जमीन और निवेश से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
यह खबर भी पढ़िए
पटना में फिर सड़कों पर स्टूडेंट: बिहार SI और BPSC एग्जाम रद्द कर दोबारा कराने की मांग, पुलिस से धक्का-मुक्की; 5 तस्वीरें
पटना में दो फ्लैट 1.07 करोड़ के खरीदे गए हैं। इसमें पत्नी और रविंद्र दिवाकर के नाम से रजिस्ट्री है। इसके अलावा पटना में ही लगभग 1.28 करोड़ रुपये मूल्य के तीन प्लॉट खरीदे, जो उनकी पत्नी और पिता के नाम पर रजिस्टर्ड हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, जैसे ही विजिलेंस की कार्रवाई पूरी हो जाएगी, अगर आय से अधिक संपत्ति के आरोप सही पाए गए तो पुलिस FIR दर्ज करेगी।

