अलग पार्टी बना सकते हैं तेज प्रताप यादव: बिहार के महुआ में रैली के बाद कयास; नए झंडों के साथ दिखे समर्थक
Published:
2 min read

तेज प्रताप यादव ने महुआ रैली में दिखाए तेवर
पटना. बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप नई पार्टी बना सकते हैं। हाल ही में तेज प्रताप ने महुआ में रैली की थी। इसमें उनके सपोटर्स नए तरह के झंडे लिए नजर आए थे। इन झंडों पर ‘टीम तेज प्रताप’ लिखा था। इसके बाद कयास लगने लगे कि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से निकाले जा चुके तेज प्रताप नया सियासी दल बना सकते हैं।
बता दें कि इसी साल मई में तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पोस्ट में एक महिला के साथ रिश्ता स्वीकार किया था। इसके बाद RJD चीफ लालू यादव ने उन्हें पार्टी से निकाल दिया था। बिहार में इसी साल नवंबर में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं।
‘किसी के प्रेशर में नहीं रहूंगा’
महुआ में रैली के दौरान तेज प्रताव के तेवर तीखे नजर आए। हसनपुर के इस विधायक ने रैली में कहा- मैं किसी के दबाव में नहीं रहूंगा। मेरा जो भी फैसला होगा, वो जनता से पूछकर लिया जाएगा।
तेज प्रताप बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। उन्होंने आगे कहा- मैं जनता के साथ रहता हूं, जनता के लिए काम करुंगा। वो जहां से चाहेगी मैं वहीं से चुनाव लड़ूगा। हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि वो किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगे, ये फैसला बाद में किया जाएगा।
2015 में पॉलिटिकल डेब्यू
तेज प्रताप ने 2015 में सियासत में एंट्री की थी। वे चुनाव जीते और पहली बार में ही कैबिनेट मंत्री भी बने। 2018 में उन्होंने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा प्रसाद राय की पोती ऐश्वर्या से शादी की। हालांकि, सिर्फ 5 महीने बाद ही तलाक की अर्जी लगा दी।
मई में तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर एक महिला के साथ फोटो शेयर की थी। इस महिला का नाम अनुष्का यादव है। तेज ने माना था कि वो अनुष्का के साथ रिलेशन मे हैं। कुछ समय बाद तेज ने पोस्ट डिलीट कर दिया। बाद में सफाई दी कि उनका अकाउंट हैक हो गया था। इस घटना के चलते लालू प्रसाद यादव और परिवार तेज से नाराज हो गया। लालू ने तेज प्रताप परिवार और पार्टी से बेदखल कर दिया।
बाद में तेज ने RJD से निकाले जाने पर बयान दिया। कहा- हम दोनों भाइयों (तेज प्रताप और उनके छोटे भाई तेजस्वी) के बीच दरार डालने की साजिश की गई है।

