नेपाल के रास्ते से बिहार में घुसे 3 पाकिस्तानी आतंकी: तीनों जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े, तस्वीरें जारी, सभी जिलों में हाई अलर्ट
Published:
2 min read

बिहार पुलिस मुख्यालय ने राज्य में तीन पाकिस्तानी आतंकियों को घुसने का अलर्ट जारी किया है।
बिहार में नेपाल के रास्ते के तीन पाकिस्तानी आतंकी घुस गए हैं। तीनों जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हैं। बिहार पुलिस मुख्यालय ने इसे लेकर सभी जिलों में आतंकी अलर्ट जारी किया। बिहार पुलिस मुख्यालय के मुताबिक आतंकियों अगस्त के तीसरे हफ्ते में बिहार में घुसे। इससे पहले वे दूसरे हफ्ते में काठमांडू पहुंचे थे।
पुलिस ने तीनों आतंकियों के नाम-पते और पासपोर्ट डिटेल्स पब्लिक किए हैं। सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि ये आतंकी बिहार या देश के किसी हिस्से में बड़ी वारदात की साजिश रच सकते हैं। बता दें कि बिहार में साल के अंत में विधानसभा चुनाव है।
कौन हैं बिहार में घुसने वाले आतंकी
जिन तीन आतंकियों की एंट्री की पुष्टि हुई है उनमें पहला, पाकिस्तान के रावलपिंडी का रहने वाला हसनैन अली है। दूसरा आतंकी आदिल हुसैन उमरकोट का निवासी है। तीसरा आतंकी मोहम्मद उस्मान है, जो बहावलपुर का है। तीनों जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस मुख्यालय ने इनकी तस्वीरें और पहचान पत्र भी जारी कर दिए हैं ताकि आम लोग पहचान कर सकें।
बॉर्डर से सटे जिलों में बढ़ी चौकसी
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। मुख्यालय ने सभी जिलों को अलर्ट कर दिया है। खासकर बॉर्डर से जुड़े सीतामढ़ी, मधुबनी, पश्चिम चंपारण, अररिया, किशनगंज और सुपौल पर ज्यादा चौकसी का आदेश दिया गया है। इसके अलावा भागलपुर और दूसरे जिलों में भी सतर्कता बढ़ाई गई है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सख्त चेकिंग शुरू की गई है।

