पटना में सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत: ट्रक से टक्कर के बाद ऑटो के परखच्चे उड़े, गंगा नदी में स्नान करने जा रहे थे
Published:
2 min read

पटना के शाहजहांपुर क्षेत्र में ये हादसा हुआ। मरने वालों में ज्यादातर महिलाएं
बिहार के पटना में ट्रक और ऑटो की टक्कर हो गई। हादसे में 8 लोगों को मौत हो गई। 4 लोग गंभीर घायल भी हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शाहजहांपुर थाना क्षेत्र में एक कारखाने के पास यह हादसा हुआ। मृतकों में ज्यादातर महिलाएं हैं।
गंगा स्नान के लिए जा रहे थे लोग
पुलिस के मुताबिक हादसे का शिकार लोग नालंदा जिले के हिलसा के मलावा के रहने वाले हैं। यह सभी लोग गंगा नदी में स्नान करने के लिए फतुहा जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक ट्रक तेज स्पीड में था। इस वजह से ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया और ऑटो से टकरा गया। दोनों को टक्कर इतनी तेज थी की ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से भाग गया। पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज किया है।
लोगों ने सड़क पर जाम लगाया
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा सुबह 6 बजे सीमेंट फैक्ट्री के पास हुआ। ट्रक सीमेंट फैक्ट्री का ही था। हादसे के बाद ट्रक कंपनी के अंदर चला गया। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया है। मौके पर फैक्ट्री संचालक को बुलाने की मांग कर रहे हैं।
हिलसा विधायक कृष्ण मुरारी ने कहा कि पास में ही अल्ट्राटेक फैक्ट्री है। सड़क का सबसे ज्यादा फायदा उन्हें ही मिलता है। सड़क के दोनों तरफ होटल बनने से यहां हादसे होते रहते है। लोगों ने फैक्ट्री पर भी जुर्माना लगाने की मांग की है और उस राशि को पीड़ित परिवार को देने की मांग की है मृतकों के परिजनों को हिलसा SDM अमित कुमार पटेल ने तत्काल 20-20 हजार रुपए का चेक दिया है।

