बिहार में अजब मामला: बिल्ली के निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन, आवेदक का नाम कैट कुमार; मां का नाम कटिया देवी
Published:
2 min read

नासरीगंज प्रखंड कार्यालय को एक ऑनलाइन आवेदन मिला था।
बिहार के रोहतास में एक बार फिर अजीबोगरीब मामला सामने आया है। नासरीगंज प्रखंड में बिल्ली के नाम से निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन आया है। आवेदन में आवेदक का नाम कैट कुमार, पिता का नाम कैटी बॉस और माता का नाम कटिया देवी लिखा है। आवेदन में बिल्ली की फोटो लगी हुई है। अब इस मामले में डीएम ने जांच के निर्देश दिए हैं।
रोहतास जिला मजिस्ट्रेट उदिता सिंह के निर्देश पर रिवेन्यू ऑफिसर कौशल पटेल ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ नासरीगंज पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कराया है। इस मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, नासरीगंज प्रखंड कार्यालय को एक ऑनलाइन आवेदन मिला था। आवेदन में रेसीडेंसियल एड्रेस आतमीगंज पंचायत दर्ज था।
डॉग बाबू के नाम से आया था आवेदन
इससे पहले भी दो फर्जी आवेदन किए गए थे। पटना में एक आवेदन डॉग बाबू के नाम से आया था। पूर्वी चंपारण में एक आवेदन सोनालीका ट्रैक्टर के नाम से सामने आया था। फर्जी आवेदनों को लेकर जांच शुरु हुई है। इस प्रक्रिया की देखरेख कर रहे दो अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई की गई।
आरोपी पर कड़ी कार्रवाई होगी- प्रशासन
प्रशासन का मानना है कि इस तरह के फर्जी आवेदन ना सिर्फ सरकारी कार्य में बाधा डालते हैं, बल्कि इससे ऑनलाइन आवेदन की विश्वयनीयता पर सवाल उठते हैं। प्रशासन का कहना है कि आरोपी की पहचान स्पष्ट होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निवास प्रमाण पत्र एक अहम दस्तावेज है। जिसकी जरुरत शिक्षा, रोजगार, सरकारी जॉब और दूसरे कानूनी कामों में किया जाता है। बिहार में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के बाद से निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन की भरमार हुई है। चुनाव आयोग के मांगे गए 11 दस्तावेजों में से यह एक था।

