नीतीश के हिजाब हटाने पर PAK से धमकी: SSG ने सुरक्षा बढ़ाई; हाई प्रोफाइल और चुनिंदा लोग ही CM के करीब जा सकेंगे
Published:
2 min read

पटना में 15 दिसंबर को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। एक अल्पसंख्यक वर्ग से हिजाब पहने एक महिला डॉक्टर नियुक्ति पत्र लेने स्टेज पर पहुंची थी।
नेशनल डेस्क. पाकिस्तान से धमकी मिलने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एक कार्यक्रम में महिला का हिजाब खींचने की घटना के बाद उन्हें खतरा बताया गया है। खुफिया इनपुट के आधार पर नीतीश कुमार की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। अब केवल हाई प्रोफाइल और चुनिंदा लोग ही CM के करीब जा सकेंगे। अधिकारियों के मुताबिक, इंटेलीजेंस एजेंसीज ने उनकी सुरक्षा को लेकर सुझाव दिए थे। DGP और SSG के DG के साथ सीनियर अधिकारियों ने उनकी सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा की।
सोशल मीडिया पर JDU प्रमुख को कथित तौर पर धमकी भी मिली थी। स्पेशल सिक्योरिटी ग्रुप (SSG) ने सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया है। इस घेरे में केवल कुछ चुनिंदा हाई-प्रोफाइल व्यक्तियों को ही एंट्री की अनुमति दी गई है, जबकि बिहार के जिला पुलिस प्रमुखों (SP) को सेंसटिव एरिया में हाई सिक्योरिटी बनाए रखने के लिए निर्देश दिए हैं।
पाकिस्तान से मिली धमकी
दरअसल, हिजाब की घटना के बाद पाकिस्तान के एक डॉन शहजाद भट्टी ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करके नीतीश कुमार को धमकी दी थी। वहीं CM को लेकर सोशल मीडिया पर धमकी भरे मैसेज और विवादित कमेंट भी किए जा रहे हैं। पटना IG को जांच का जिम्मा सौंपा गया है। धमकी भरे सोशल मीडिया पोस्ट की जांच भी कराई जा रही है। खुफिया एजेंसियों ने रिपोर्ट में असामाजिक तत्वों द्वारा नीतीश कुमार को खतरा होने की आशंका जताई है।

Z प्लस सुरक्षा घेरे में रहते हैं नीतीश
CM नीतीश कुमार को Z प्लस श्रेणी और ASL की सुरक्षा मिली हुई है। इसके साथ ही इन्हें बिहार विशेष सुरक्षा बल अधिनियम 2000 के अन्तर्गत सुरक्षा दी जाती है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा एक दो नहीं बल्कि 200 ट्रेन्ड कमांडो करते हैं। ट्रेन्ड कमांडों के इस दस्ते को स्पेशल सिक्योरिटी ग्रुप यानि SSG कहा जाता है। इस ग्रुप में पुलिस, ITBP, CRPF और NSG, SPG के ट्रेंड कमांडो शामिल होते हैं।
15 दिसंबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें नीतीश कुमार नियुक्ति पत्र वितरण के कार्यक्रम में कथित तौर पर एक मुस्लिम महिला के चेहरे से हिजाब खींचते दिख रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद से ही इस पर खूब राजनीति हुई। इधर महिला का हिजाब खींचने के आरोप में नीतीश कुमार के खिलाफ रांची में एक शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

