NDA का 5 घंटे के लिए बिहार बंद : PM मोदी की मां को अपशब्द कहने के खिलाफ सड़कों पर उतरे BJP कार्यकर्ता, रविशंकर प्रसाद धरने पर बैठे
Published:
3 min read

सिम्बॉलिक इमेज
नेशनल डेस्क। बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां को अपशब्द कहे जाने के खिलाफ गुरुवार को NDA ने 5 घंटे के लिए बिहार बंद किया है। गुरुवार सुबह से बीजेपी कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। पटना समेत कई जिलों में प्रदर्शन शुरू हुआ। बंद सुबह 7 बजे से शुरू होकर दोपहर 12 बजे तक चला। बीजेपी सांसद और पूर्व कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद पटना में धरने पर बैठे।
बीजेपी की बिहार इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा- मेडिकल सुविधाओं और रेल जैसी जरूरी सेवाएं बाधित नहीं होंगी। पूरे राज्य में बीजेपी महिला मोर्चा ने इस आंदोलन की अगुवाई की।
रविशंकर बोले- राहुल-तेजस्वी माफी मांगें
रविशंकर प्रसाद ने कहा- ये बेहद शर्मनाक है कि पीएम मोदी की दिवंगत मां के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने के बाद भी उन्होंने अब तक माफी नहीं मांगी है। मैं राहुल और तेजस्वी से कहना चाहता हूं कि अगर हमारी पार्टी के किसी कार्यकर्ता ने ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया होता, तो हम उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते। हम इसकी निंदा करते हैं। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव वोटर अधिकार यात्रा लेकर 27 अगस्त को दरभंगा पहुंचे थे। दोनों के मंच से जाने के बाद PM मोदी और उनकी मां के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस इस मामले में एक शख्स को गिरफ्तार कर चुकी है। तीन और लोगों की तलाश की जा रही है। मुख्य आरोपी मो. नौशाद अभी भी फरार है। उसके नेपाल में छिपे होने की आशंका है।
क्या बंद और क्या खुला रहा
बिहार बंद के दौरान आज राज्यभर में जनजीवन प्रभावित रहा। स्कूल, कॉलेज और कोचिंग सेंटर बंद रहे। सरकारी दफ्तरों और प्राइवेट कारोबारों के शटर भी गिरे रहे। कई जिलों में इंटरसिटी बस सेवाएं रोक दी गईं, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई। वहीं, मुजफ्फरपुर और बेगूसराय में नेशनल हाईवे पर प्रदर्शनकारियों के चक्का जाम से ट्रैफिक घंटों रुका रहा।हालांकि जरूरी सेवाओं को इससे बाहर रखा गया है। अस्पताल, एंबुलेंस सेवाएं, क्लिनिक और मेडिकल शॉप्स खुले रहे। इसके अलावा किराना, दूध, सब्जी और पेट्रोल पंप भी चलते रहे। खास बात यह रही कि रेल सेवाओं को बंद से पूरी तरह छूट दी गई, ताकि यात्रियों को दिक्कत न हो।

