बिहार में 70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने की मांग: स्टूडेंट्स का CM आवास तक मार्च; बैरिकेड तोड़े-पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया
Published:
3 min read

बिहार में 70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर छात्रों ने CM आवास तक मार्च निकाला
नेशनल डेस्क. बिहार में 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर स्टूडेंट्स का प्रोटेस्ट मंगलवार को तेज हो गया। पटना के गांधी मैदान से CM आवास की ओर मार्च कर रहे छात्रों ने पुलिस के लगाए बैरिकेड तोड़ दिए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने से रोकने की कोशिश की और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
स्टूडेंट्स 70वीं BPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक के आरोपों को लेकर इसे रद्द करने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा स्टूडेंट शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4), BPSC, बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) और सब-इंस्पेक्टर भर्ती से जुड़े मुद्दों को भी उठा रहे हैं।

पुलिस ने कहा- प्रतिबंधित क्षेत्र में नहीं जाने देंगे
समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में DSP कामाख्या नारायण सिंह ने कहा कि अगर प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने की कोशिश करेंगे तो पुलिस उन्हें रोकेगी। उन्होंने बताया कि छात्रों और वरिष्ठ अधिकारियों के बीच बातचीत सकारात्मक रही है और उम्मीद है कि प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर सहमत होंगे।
कांग्रेस नेता भी शामिल हुए
छात्रों के प्रदर्शन में शामिल हुए कांग्रेस नेता सुशील कुमार ने कहा कि छात्रों की मांग है कि TRE-4 परीक्षा का आयोजन पूरे राज्य में एक ही चरण में किया जाए। उन्होंने परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग खत्म करने और TRE-4 का आधिकारिक विज्ञापन जल्द जारी करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि BPSC, BSSC और सब-इंस्पेक्टर भर्ती से जुड़े कई अन्य मुद्दे भी हैं, लेकिन सरकार की ओर से इन पर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है।


तेजस्वी यादव ने डिप्टी सीएम को लिखा पत्र
इस बीच बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने BPSC विवाद को लेकर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखा। उन्होंने सरकार से प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांगों को नजरअंदाज न करने और उनके साथ तत्काल बातचीत शुरू करने की अपील की।
सरकार बोली- बातचीत के लिए तैयार
पटना में स्टूडेंट प्रोटेस्ट के बीच शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मंगलवार को कहा कि सरकार ने छात्रों की ओर से उठाए गए लगभग सभी मुद्दों का समाधान कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों से बातचीत के लिए हमेशा तैयार है और अपनी समस्याएं लेकर आने वाले छात्रों के लिए बातचीत के दरवाजे खुले हैं। मिथिलेश तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं की समस्याओं को हल करने के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि युवाओं की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है।
तेजस्वी यादव पर शिक्षा मंत्री का तंज
शिक्षा मंत्री ने BPSC और परीक्षा व्यवस्था को लेकर सुझाव देने पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ऐसा व्यक्ति जिसने कभी बोर्ड परीक्षा तक नहीं दी है, वह सुझाव दे रहा है, ये आश्चर्य की बात है। तिवारी ने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी यादव को बिहार के सरकारी स्कूल में दाखिला लेना चाहिए, 10वीं की परीक्षा पास करनी चाहिए और उसके बाद परीक्षा व्यवस्था पर सुझाव देने के लिए वापस आना चाहिए

