भुवनेश्वर में पागल कुत्ते ने 6 लोगों को काटा: नेशनल पैरा एथलीट समेत 2 लोगों की मौत; काटने के 20 दिन बाद गई जान
Published:
2 min read

भुवनेश्वर में पागल कुत्ते ने 6 लोगों को काटा, 2 की मौत
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में एक पागल कुत्ते के काटने से नेशनल पैरा-एथलीट समेत दो लोगों की मौत हो गई। 23 जुलाई को इस पागल कुत्ते ने 6 लोगों को काटा था। 33 साल के नेशनल पैरा एथलीट जोगेंद्र छत्रिया और 48 साल के ऋषिकेश राणा गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई, जबकि बाकी चार लोग ठीक हो गए।
डॉक्टर के मुताबिक, पागल कुत्ते ने 6 लोगों को काटा था। इनमें से चार ठीक हो गए, लेकिन जोगेंद्र छत्रिया और ऋषिकेश राणा की हालत बिगड़ती गई और दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई। इलाज के दौरान दोनों को टीके लगाए गए थे, लेकिन रेबीज संक्रमण तेजी से फैलने की वजह से उन्हें बचाया नहीं जा सका।
जोगेंद्र के चेहरे पर कुत्ते ने काटा
भीमा भोई मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक ने बताया कि सभी घायलों की इलाज के दौरान टीका लगाया गया था। 48 साल के जोगेंद्र छत्रिया को पहली खुराक 23 जुलाई को दी गई, उसके बाद कई अन्य टीके भी लगाए गए थे। हालांकि, कुत्ते ने जोगेंद्र के चेहरे पर काटा था, इसलिए संक्रमण तेजी से फैल गया। मौत से पहले दोनों पीड़ितों में रेबीज के पूरे लक्षण दिखाई दे रहे थे। जोगेंद्र राष्ट्रीय फ्लोरबॉल प्रतियोगिताओं में भारत की तरफ से खेलते थे और पैरा-एथलेटिक्स में अपनी उपलब्धियों के लिए जाने जाते थे।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा, स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और मनुष्यों और पशुओं दोनों के लिए समय पर रेबीज रोधी टीके लगवाने की अपील की गई है। ये खबर ऐसे समय पर आई जब सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में सभी आवारा कुत्तों को पकड़ने, उनकी नसबंदी करने और सेल्टर में रखने का आदेश दिया है।

