भारत बंद : देश के कई हिस्सों में पब्लिक ट्रंसपोर्ट ठप; बिहार और पश्चिम बंगाल में रेलवे ब्लॉक
Published:
2 min read

भारत बंद का असर पब्लिक ट्रंसपोर्ट बंद
देश के कई राज्यों में ट्रेड यूनियनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद का असर दिखा। बिहार, पश्चिम बंगाल, केरल और ओडिशा में कई जगहों पर हड़ताल कर रहे कर्मचारियों ने सड़कें और रेलवे ट्रैक ब्लॉक कर दिए। भारत सरकार की नीतियों के खिलाफ 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों ने बुधवार को भारत बंद बुलाया था।
बिहार में राष्ट्रीय जनता दल की स्टूडेंट विंग ने जहानाबाद रेलवे स्टेशन को ब्लॉक कर दिया। पश्चिम बंगाल में पुलिस की निगरानी में लेफ्ट विचारधारा से प्रेरित यूनियनों के सदस्यों ने जाधवपुर समेत कई रेलवे स्टेशनों को ब्लॉक किया।
प्रदर्शन के बीच बस ड्राइवरों ने हेलमेट पहने
उत्तर बंगाल ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (NBSTC) के बस ड्राइवरों ने अपनी सुरक्षा के लिए एक अलग ही उपाय अपनाया। विरोध प्रदर्शन के दौरान कई ड्राइवर हेलमेट पहने नजर आए। मीडिया से बात करते हुए, एक बस ड्राइवर ने कहा- (भारत बंद के बारे में) ये लोग सही कह रहे हैं। हम भी श्रमिक है इसलिए भारत बंद का सपोर्ट करते हैं, लेकिन हमें हमारा काम करना पड़ेगा। हमने हेलमेट सुरक्षा के लिए पहने है ताकि कोई घटना दुर्घटना हो तो बचा जा सके।
ओडिशा में हाईवे ब्लॉक, केरल में दुकानें बंद
भारत बंद के समर्थन में ओडिशा के भुवनेश्वर में सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (CITU) के खोरधा जिले के सदस्यों ने नेशनल हाईवे को ब्लॉक कर दिया। वहीं,केरल के कोट्टायम में व्यापारियों ने भी भारत बंद के समर्थन किया और दुकानें बंद करवा दी। बाकि राज्यों की तुलना में भारत बंद का असर तमिलनाडु में ना के बराबर दिखा। पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर भी भारत बंद का कोई असर नहीं पड़ा।
किन मांगों को लेकर बुलाया गया भारत बंद
श्रम सुधारों के लिए सरकार द्वारा लाए गए 4 लेबर कोड, निजीकरण और कॉन्ट्रैक्ट पर नौकरियों को बढ़ावा देने, किसानों को एमएसपी गारंटी न देने, महंगाई और बरोजगारी के मुद्दे पर भारत बंद बुलाया गया है। इसके अलावा न्यूनतम मजदूरी 26000 प्रति माह और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने जैसी मांगों को ट्रेड यूनियनों ने उठाया है।
भारत बंद में कौन-कौन से यूनियन शामिल
इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस, ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस, हिंदू मजदूर सभा, सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन सेंटर, सेल्फ एम्पलॉयड वीमेन्स एसोसिएशन, ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियन्स, लेबर प्रोग्रेसिव फेडरेशन, यूनाइटेड ट्रेड यूनियन कांग्रेस।

