बेंगलुरु में महिला के कथित अपहरण के दौरान हादसा: कार से 6 लोगों को मारी टक्कर, लव मैरिज से नाराज था परिवार
Published:
2 min read

कार ने सड़क पर मौजूद कई लोगों को टक्कर मार दी, इस हादसे में 6 लोग घायल हुए हैं।
नेशनल डेस्क. बेंगलुरु में 21 साल की महिला के कथित किडनैपिंग और भागने के दौरान हादसा हो गया। हादसे में 6 लोग घायल हुए हैं। राजस्थान की रहने वाली महिला ने परिवार के खिलाफ जाकर शादी की है, वह अपने पति ओमप्रकाश के साथ बेंगलुरु में रह रही है। आरोप है महिला के परिवार ने 4 लोगों को उसे पकड़ने के लिए बेंगलुरु भेजा था।
महिला का नाम पूजा है, वह राजस्थान के मेलवास गांव की रहने वाली है। उसने 9 महीने पहले अपने लवर ओमप्रकाश से शादी की है। शादी के बाद कपल बेंगलुरु के अग्रहारा दशरहल्ली एरिया में रह रहा है।
लव मैरिज से नाराज है परिवार
पुलिस के मुताबिक, पूजा का परिवार इस शादी के खिलाफ था, इसलिए उन्होंने 4 लोगों को बेंगलुरु भेजा। आरोप है कि उन्होंने पूजा को जबरदस्ती कार में बिठाया और वहां से भागने लगे। लापरवाही से कार चलाते हुए कई लोगों को टक्कर मार दी, जिससे 6 लोग घायल हो गए।
सड़क पर मौजूद लोगों ने कार का पीछा किया और आरोपी को पकड़ लिया। इस घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसमें लोग आरोपियों को कार से बाहर निकालते हुए दिख रहे हैं, उन्होंने आरोपी के साथ मारपीट भी की।
कार ड्राइवर मौके से भागा
आरोपियों में राकेश (31), करण (25) और अयान (18) है, जो राजस्थान के रहने वाले हैं। एक और आरोपी है जो कथित तौर पर गाड़ी चला रहा था, वह अभी फरार है। पुलिस को संदेह है कि पूजा के चिल्लाने पर सद्दाम घबरा गया होगा। इसके बाद उसने लापरवाही से तेजी से कार चलाई। कार ने 3-4 बाइक को टक्कर मार दी।
यह खबर भी पढ़ें
बेंगलुरु में लोन का ब्याज नहीं देने पर कपड़े उतरवाए : महिला के वीडियो बनाए; 4 गिरफ्तार
इस घटना में पृथ्वीराज (12), यशिका (9), अमूल (35), मणि (64), जयलक्ष्मी (57) और संतोष (33) घायल हुए हैं। जयलक्ष्मी को सिर में गंभीर चोटें आईं हैं, उसे ICU में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार को सीज कर लिया है।

