कार एक्सीडेंट ने खोला 13 साल के बच्चे के मर्डर का राज: डिक्की में मिली लाश, 1 करोड़ की फिरौती के लिए पड़ोसी ने रची थी साजिश
Published:
4 min read

तस्वीर सांकेतिक है और AI से जनरेट की गई है।
नेशनल डेस्क। बेंगलुरु में एक कार का एक्सीडेंट एक 13 साल के बच्चे की हत्या का राज खोल गया। पुलिस ने कार की डिक्की खोली तो उसमें बच्चे की लाश मिली। जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि बच्चे का पड़ोसी ही उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने करीब 1 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने के लिए बच्चे को अगवा किया था।
आरोपी भास्कर रेड्डी बेंगलुरु में IT प्रोफेशनल है और पहले ब्रिटेन में पढ़ाई कर चुका है। पुलिस ने उसे किडनैपिंग और मर्डर के मामले में गिरफ्तार किया है। उसका एक साथी फिलहाल फरार है।
गणपति के पटाखे और कार चलाने का लालच दिया
पुलिस के मुताबिक, कार में मिली डेड बॉडी प्रज्वल नाम के एक बच्चे की थी। वह येलहंका के विनायका नगर में रहता था। भास्कर रेड्डी और प्रज्वल की फैमिली एक-दूसरे को करीब पांच साल से जानती थी।
बुधवार (16 सितंबर) शाम करीब 7.30 बजे रेड्डी प्रज्वल के घर पहुंचा। उस वक्त बच्चे के पिता घर पर नहीं थे। आरोप है कि रेड्डी ने प्रज्वल से कहा कि वे गणेश भगवान के लिए पटाखे खरीदने जा रहे हैं और वह उसे कार चलाने भी देगा।
प्रज्वल उसकी बातों में आ गया और अपनी मां को बताए बिना उसके साथ कार में बैठ गया। पुलिस के मुताबिक, रेड्डी के साथ एक स्कूल बस का क्लीनर भी था।
सुनसान जगह ले जाकर हमला किया
पुलिस का कहना है कि दोनों प्रज्वल को एक सुनसान जगह पर ले गए। वहां उन्होंने लकड़ी के डंडे से बच्चे की पिटाई की। बच्चा बेहोश होकर गिर गया। इसके बाद उसके सिर पर सीमेंट की दो ईंटें मारी गई, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, घटना के वक्त दोनों आरोपी नशे में थे।
जांच में पुलिस को पता चला कि रेड्डी के पिता पर करीब 3 करोड़ रुपए का कर्ज था। आरोप है कि इसी कर्ज को चुकाने के लिए रेड्डी ने प्रज्वल को किडनैप करने का प्लान बनाया।
उसने बच्चे के पिता से करीब 1 करोड़ रुपए फिरौती मांगने की साजिश रची थी। बच्चे के पिता रियल एस्टेट कारोबारी हैं।
आंध्र ले जा रहा था शव, रास्ते में दो एक्सीडेंट
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद रेड्डी प्रज्वल की डेड बॉडी को आंध्र प्रदेश ले जाना चाहता था। इसी दौरान रास्ते में उसकी कार एक बिजली के खंभे से टकरा गई। इसके बावजूद उसने कार चलाना जारी रखा।
बाद में चिकलजाला थाना क्षेत्र में महावीरा अपार्टमेंट के एग्जिट गेट के पास कार दो खड़ी गाड़ियों से टकरा गई और रुक गई।
एक्सीडेंट की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसकी डिक्की में प्रज्वल का शव मिला।
पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में रेड्डी ने दावा किया कि बच्चे की मौत एक हादसे में हुई और डर के कारण वह बॉडी को ठिकाने लगाने की कोशिश कर रहा था। लेकिन पुलिस को उसकी कहानी पर शक हुआ।
DCP (नॉर्थ ईस्ट) जीके मिथुन ने बताया कि जांच के दौरान यह साफ हुआ कि मामला हादसे का नहीं, बल्कि मर्डर का है।
पुलिस ने रेड्डी के खिलाफ किडनैपिंग और मर्डर का केस दर्ज कर लिया है। उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस केस में उसकी कितनी भूमिका थी। पुलिस ने कार भी जब्त कर ली है।
यह भी पढ़ें...
पत्नी का सिर काटकर थाने पहुंचा शख्स: बोला- फोन पर किसी से बात करती रहती थी! 12 साल पहले शादी हुई थी

