बेंगलुरु के 5-स्टार होटल में मिले 2 बच्चियों के शव: पिता ने सुसाइड की कोशिश की; कहा- पत्नी का किसी के साथ अफेयर
Published:
2 min read

नागावारा का रहने वाला इमरान रविवार शाम से होटल में ठहरा हुआ था। (प्रतिकात्मक तस्वीर)
नेशनल डेस्क. बेंगलुरु के एक फाइव-स्टार होटल में दो बच्चे बिस्तर पर मृत पाए गए और उनका पिता टॉयलेट में गंभीर रूप से घायल हालत में मिला है। पुलिस इसे मर्डर-सुसाइड के शक में देख रही है।
40 साल का SG इमरान टॉयलेट में खून से लथपथ हालत में था। उसकी गर्दन पर घाव था। 10 और 5 साल की बेटियों के शव कुछ ही मीटर की दूरी पर मिले।
व्यक्ति की हालत गंभीर
होटल के सिक्योरिटी स्टाफ ने इमरान को मणिपाल हॉस्पिटल पहुंचाया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बताया, इमरान को शक था कि उसकी पत्नी का किसी और के साथ अफेयर चल रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसने कहा, वह नहीं चाहता था कि उसके बच्चे ऐसी मां के साथ बड़े हों, इसलिए उन्हें और खुद को मारने का फैसला किया। पुलिस ने बताया, इमरान ने कथित तौर पर अपनी बेटियों का गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी और फिर अपना गला काटकर सुसाइड करने की कोशिश की।
रविवार शाम को बुक की थी होटल
डिप्टी कमिश्नर जीके मिथुन कुमार ने कहा, इमरान नाम का एक व्यक्ति अपनी दो बेटियों के साथ रविवार शाम एक होटल में ठहरा था। सोमवार शाम करीब 4 बजे, जब होटल के सफाई कर्मचारी ने दरवाजा खटखटाया, तो किसी ने कोई जवाब नहीं दिया। कमरे में जाने पर उन्हें दोनों बेटियां मृत मिलीं। उनके शव बिस्तर पर पड़े थे। और व्यक्ति चाकू से अपना गला काटकर सुसाइड करने की भी कोशिश कर रहा था।
परिवार से संपर्क कर रही पुलिस
अफसर ने बताया, इमरान ने अपनी बेटियों की हत्या करने की बात कबूल कर ली है। उन्होंने कहा, हम हत्या का मामला दर्ज कर रहे हैं। वह नागावारा का रहने वाला है। उसने जो वजह बताई है क्या वह सच है, और असल में क्या हुआ था, यह सब उसके परिवार वालों से संपर्क करने के बाद ही पता चलेगा।

