बेंगलुरु में हिस्ट्रीशीटर की हत्या: घर के सामने कार सवार बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला किया; बीजेपी विधायक पर केस दर्ज
Published:
3 min read

बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री बिरथी बसवराज पर FIR
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में हिस्ट्रीशीटर शिवप्रकाश की उसके घर के सामने ही हत्या कर दी गई। इस मामले में बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री बिरथी बसवराज पर FIR दर्ज की गई है। शिवप्रकाश ने तीन महीने पहले ही प्रॉपर्टी विवाद को लेकर विधायक और उनके साथियों पर धमकाने का आरोप लगाया था और सुरक्षा की मांग की थी।
पुलिस के मुताबिक, शिवप्रकाश पर हलासुरु झील के पास उसी के घर के सामने हमला किया गया। उस वक्त शिव प्रकाश अपने घर के सामने खड़ा था। तभी कार से आए 4 लोगों ने उसपर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
कल रात शिवप्रकाश उर्फ शिवू नाम के व्यक्ति पर हलासुरु झील के पास उसी के घर के सामने हमला हो गया। शिवू अपने घर के सामने खड़ा था, तभी एक कार से 5 लोग आए और धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना के बाद जॉइंट कमिश्नर रमेश बनोठ और डिप्टी कमिश्नर डी देवराज घटनास्थल पर पहुंचे। शिवू की मां विजयालाक्ष्मी की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज की है। इस FIR में कृष्णराजपुरम से भाजपा विधायक और कर्नाटक के पूर्व मंत्री बिरथी बसवराज का नाम भी शामिल है। परिवार ने हत्या के पीछे बसवराज को जिम्मेदार ठहराया है।
शिव प्रकाश ने मांगी थी सुरक्षा
करीब तीन महीने पहले शिव प्रकाश ने बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखा था। इस पत्र में शिवू ने लिखा था कि विधायक और उनका सहयोगी जगदीश उसकी प्रॉपर्टी पर कब्जा करना चाहते हैं। विधायक का भतीजा किरण और जगदीश उसे धमकी दे रहे हैं कि अगर उसने कब्जा नहीं दिया तो उसे जान से मार देंगे।
पत्र में शिवू ने लिखा कि जगदीश पर कई आपराधिक केस दर्ज है, लेकिन विधायक ने उसका नाम हिस्ट्रीशीट से हटवा दिया। उन्होंने मुझ पर अवैध गतिविधियों में शामिल होने का झूठा आरोप लगाने की धमकी दी और पैसे वसूलने की कोशिश की। कानूनी परेशानियां खड़ी करके मुझे परेशान करना चाहते थे ताकि में जमीन पर कोई निर्माण कार्य न करा सकूं। मुझ पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है कि मैं अपनी जमीन मार्केट रेट से कम भाव में बेच दूं।
विधायक ने कई जमीनें हड़पी: शिवू
शिवू ने विधायक पर आरोप लगाया था कि बेंगलुरु के पूर्व हिस्से में विधायक ने धमकी देकर कई जमीनें हड़पी हैं। शिवू ने लिखा कि विधायक राजनीतिक संबंधों का दुरुपयोग करते हैं। राजनीतिक प्रभाव से अधिकारियों पर दबाव बनाते हैं।
शिवू ने अपने और परिवार के लिए सुरक्षा की मांग करते हुए पत्र में लिखा था, 'अगर मुझे कुछ भी होता है तो उसका जिम्मेदार विधायक, जगदीश, किरण और उनके सहयोगी होंगे। मैं आपके सामने दोनों हाथ जोड़ कर निवेदन करता हूं कि क्षेत्रीय पुलिस इंस्पेक्टर को निर्देश दें कि बिरथी बसवराज, जगदीश उर्फ जग्गा, किरण और उनके सहयोगियों के खिलाफ FIR दर्ज करें। पुलिस के अनुसार, शिवू की शिकायत के बाद जगदीश के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई थी। कोर्ट के आर्डर के बाद केस को रोक दिया गया।

