बंगाल में अब बिना डर गीता पढ़िए: सुवेंदु अधिकारी बोले- वक्त बदल गया है; धीरेन्द्र शास्त्री का पुतला जलाने पर भी भड़के
Published:
2 min read

कोलकाता में गीता पाठ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि अब लोगों को बिना किसी डर के गीता पढ़नी चाहिए।
नेशनल डेस्क। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने लोगों से कहा है कि वे अब बिना किसी डर के गीता पढ़ सकते हैं। कोलकाता में गीता पाठ के एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि राज्य में अब वक्त बदल गया है और धार्मिक आस्था को लेकर किसी को डरने की जरूरत नहीं है।
सुवेंदु अधिकारी ने इस दौरान गीता और हिंदू धर्म के रीति-रिवाजों का विरोध करने वालों के लिए ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ शब्द का इस्तेमाल किया और कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बागेश्वर बाबा का पुतला जलाने पर भी भड़के
मुख्यमंत्री ने कहा- कुछ वक्त पहले बागेश्वर बाबा अपनी आस्था का प्रचार करने बंगाल आए थे। कम्युनिस्टों ने उनका पुतला जलाया था। मैंने विधानसभा में कहा था कि ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
उन्होंने आगे कहा कि गीता पाठ का यह कार्यक्रम सफल रहा है और वे यहां मुख्यमंत्री के तौर पर नहीं, बल्कि एक सनातनी के तौर पर यहां आए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गीता के पाठ का एक अध्याय अभी बाकी है। इसे बिना झिझक पढ़िए। डरने की कोई बात नहीं है।
29 दिसंबर को 10 लाख लोग एक साथ पढ़ेंगे गीता
आयोजकों के मुताबिक, 29 दिसंबर को और बड़े स्तर पर गीता पाठ होगा। इस कार्यक्रम में RSS प्रमुख मोहन भागवत भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में करीब 10 लाख लोगों के एक साथ गीता पाठ करने की बात कही गई है।
यह कार्यक्रम बांगुर जागरण मंच और विश्व हिंदू परिषद (VHP) की ओर से आयोजित किया गया है। सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि 29 दिसंबर का कार्यक्रम ऐतिहासिक स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें...
TMC विधायक कुणाल घोष की कार पर अटैक: लोगों ने अंडे और ईंट फेंके, दोनों शीशे टूटे; BJP पर आरोप लगाया

