प बंगाल रेप-मर्डर केस के एक आरोपी का एनकाउंटर: पुलिस ने कहा- पिस्तौल छीनकर भागने की कोशिश की; 11 साल की बच्ची को तालाब में डुबोकर मारा था
Published:
2 min read

CCTV फुटेज के जरिए पुलिस आरोपी तक पहुंची थी। इस तस्वीर में आरोपी बच्ची के साथ जाता हुआ नजर आ रहा है।
नेशनल डेस्क। पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में 11 साल की बच्ची के गैंगरेप और मर्डर के मामले में गिरफ्तार आरोपियों में से एक की मौत हो गई। पुलिस एनकाउंटर में यह मौत हुई। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने भागने की कोशिश की, इसी दौरान वह एनकाउंटर में मारा गया। मारे गए आरोपी का नाम प्रभाष मंडल है।
पुलिस के आधिकारिक बयान के मुताबिक, प्रभाष मंडल को क्राइम सीन रिकंस्ट्रक्शन के लिए मंगलवार देर रात घटनास्थल पर ले जाया गया था। यहां आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की सर्विस पिस्तौल छीन ली। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर एक राउंड फायर किया और मौके से भागने की कोशिश की।
बयान के मुताबिक, आरोपी की फायरिंग के जवाब में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें प्रभाष मंडल गोली लगने से घायल हो गया। उसे फौरन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

11 साल की बच्ची के रेप-मर्डर का आरोप था
पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में 11 साल की एक बच्ची का शव रविवार को एक तालाब से बोरी में बंद बरामद हुआ था। इसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। पोस्टमार्टम में साफ हुआ कि बच्ची के साथ पहले रेप हुआ है, इसके बाद उसकी हत्या की गई।
इस मामले की जांच के लिए सीएम शुभेंदु सरकार ने SIT बनाई। जांच पड़ताल के बाद पुलिस मुख्य आरोपी आनंद सरदार तक पहुंची और सोमवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद दो और लोगों की गिरफ्तारी हुई। तीनों आरोपियों के मोबाइल फोन की टावर लोकेशन 4 जुलाई को शाम 4.30 बजे से रात 11 बजे के बीच एक ही स्थान पर मिली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, इसी वक्त पर रेप हुआ था।

