पंजाब में थाने में युवक ने जहर खाया: पुलिस पर रिश्वत मांगने के आरोप; पुलिस ने बताई अलग कहानी
Published:
2 min read

पुलिस का दावा है कि जोबनप्रीत प्रॉपर्टी विवाद की वजह से मानसिक रुप से परेशान था। (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क. पंजाब के बरनाला में एक व्यक्ति ने पुलिस स्टेशन के अंदर ही जहर खा लिया। वह अपनी कार से जुड़ी एक रिपोर्ट लेने आया था। उसकी कार में 11 सितंबर को आग लग गई थी। हालांकि पुलिस ने इस घटना को लेकर एक अलग ही कहानी बताई है।
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, वायरल वीडियो में दिख रहे शख्स का नाम जोबनप्रीत सिंह है। वह पिछले 17 दिनों से FIR के लिए धनौला थाने के चक्कर लगा रहा है। उसने आरोप लगाया है कि पुलिस स्टेशन क्लर्क, SHO और एक अन्य ऑफिसर ने उसे परेशान किया और रिपोर्ट देने के बदले 5-10 हजार रुपए मांगे।
युवक अस्पताल में भर्ती
DSP रजिंदर पाल सिंह ने कहा- जोबनप्रीत ने जहर खा लिया था, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी उसकी हालत खतरे से बाहर है। DSP के मुताबिक, जोबनप्रीत सिंह परिवार में प्रॉपर्टी विवाद की वजह से मानसिक रुप से परेशान था। पुलिस ने कहा- कार में आग की घटना की रिपोर्ट रोजाना की डायरी में लिखी गई है।
पुलिस के मुताबिक, जोबनप्रीत अगले ही दिन FIR की कॉपी लेने थाने आया था। उसने SHO से मुलाकात की थी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शामिल होने की वजह से उसे इंतजार करने के लिए कहा था। इस दौरान उसने जहरीला पदार्थ पी लिया।
पटवारी पर रिश्वत का आरोप-कांग्रेस
वहीं इस घटना पर पंजाब कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने कहा- युवक जोबन सिंह ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में पुलिसकर्मी पर रिश्वत मांगने और परेशान करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। अपने जारी किए गए वीडियो में युवक ने CM भगवंत मान के गृहक्षेत्र धूरी में भी पटवारी पर रिश्वतखोरी का इल्जाम लगाया है।
युवक द्वारा लगाए गए दोनों आरोप गंभीर है। यदि मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे है तो यह सिर्फ दुर्भाग्यपूर्ण ही नहीं बल्कि बेहद गंभीर मामला है जिसकी जांच होनी चाहिए।
वहीं पुलिस ने कहा- आगे की जांच चल रही है, वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी जाएगी।

