भोपाल में किन्नर बनकर छिपा था बांग्लादेशी: 10 की उम्र में भारत आया था अब्दुल कलाम, नेहा नाम से बनवाए फर्जी पहचान पत्र और पासपोर्ट
Published:
2 min read

नेहा किन्नर बनकर रह रहा था बांग्लादेशी नागरिक अब्दुल कलाम
एमपी पुलिस ने भोपाल से अब्दुल कलाम नाम के बांग्लादेशी नागरिक को हिरासत में लिया है। अब्दुल नेहा किन्नर बनकर भोपाल में पिछले 10 साल से किन्नरों के साथ रह रहा था। इतना ही नहीं उसने नेहा किन्नर नाम से फर्जी पहचान पत्र और पासपोर्ट भी बनवाया था।
भोपाल की तलैया थाना पुलिस ने सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात को बुधवारा इलाके से हिरासत में लिया। खुफिया एजेंसी अब्दुल कलाम को लेकर हर स्तर पर जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस ने उसके पहचान पत्र को भी जब्त कर लिया है। साथ ही उसके पासपोर्ट को जांच के लिए भेजा गया है। उसके मोबाइल रिकॉर्ड की भी जांच की जारी है।
10 साल की उम्र में आया था भारत
शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला कि अब्दुल कलाम जब 10 साल का था, तब वह बांग्लादेश छोड़कर भारत आया था। उसने अपना बचपन महाराष्ट्र में बिताया। एडिशनल डीसीपी जोन-3 शालिनी दीक्षित ने राज एक्सप्रेस डिजिटल को बताया कि आरोपी चोरी छुपे भोपाल में कई सालों से रह रहा था। वह महाराष्ट्र के रास्ते मध्य प्रदेश में आया था। भोपाल में उसने फर्जी पासपोर्ट के साथ, कई फर्जी दस्तावेज बनवाए थे।
सूत्रों के मुताबिक, क्राइम ब्रांच की एक स्पेशल टीम गठित की गई है। उधर, खुफिया एजेंसियां उसके संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस फर्जी किन्नर को तलैया थाने में हिरासत में रखा है। हालांकि पुलिस मामले में ज्यादा जानकारी देने से बच रही है। अब्दुल कलाम से पूछताछ के बाद अब पुलिस उसे डिपोर्ट करने की तैयारी कर रही है।
किन्नर ने नेहा नाम से तैयार करवा लिए थे सभी दस्तावेज
अब्दुल कलाम फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बांग्लादेश भी गया था। पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद ऑपरेशन सिंदूर के बाद सुरक्षा एजेंसियां और राज्यों की पुलिस अवैध प्रवासियों के खिलाफ अभियान चला रही हैं। भोपाल पुलिस को इनपुट मिला था कि बांग्लादेशी नागरिक भोपाल में किन्नर बनकर रह रहा है। पुलिस ने पूरी जानकारी निकालकर उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस अब यह पता करने की कोशिश कर रही है कि दस्तावेज तैयार करने में अब्दुल कलाम की मदद किसने की थी। जानकारी सामने आने के बाद दस्तावेज तैयार करने में मदद करने वालों के खिलाफ भी पुलिस कठोर कार्रवाई करेगी।
(भोपाल से मोहम्मद ताहिर की रिपोर्ट)

