बिहार में BJP-JDU की टेंशन बढ़ाएंगे राजभर: बोले- NDA गठबंधन में जगह नहीं मिलीं तो अकेले विधानसभा चुनाव लड़ेगी SBSP
Published:
2 min read

ओपी राजभर की पार्टी यूपी में बीजेपी नेतृत्व वाली सरकार में सहयोगी है।
बिहार विधानसभा चुनाव से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) चीफ ओपी राजभर ने NDA की टेंशन बढ़ा दी है। राजभर ने कहा, अगर बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन में उनकी पार्टी को सीटें नहीं मिलतीं तो उनकी पार्टी राज्य में अकेले चुनाव में उतरने के लिए तैयार है।
यूपी के बलिया में SBSP दफ्तर में मीडिया से बातचीत में राजभर ने दावा किया कि उनकी प्राथमिकता NDA गठबंधन में रहकर चुनाव लड़ने की है। गठबंधन में सीटों को लेकर 70 प्रतिशत बात हो चुकी है। सिर्फ 30 प्रतिशत बात रह गई है।
'दूसरे ऑप्शन पर भी चल रहा विचार'
उन्होंने कहा, हमारे पास दूसरा ऑप्शन भी है। अगर बिहार के स्थानीय नेता दबाव डालते हैं और हमारी बात गठबंधन में नहीं हो पाती तो हम अकेले चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। हालांकि, राजभर ने साफ किया कि उनकी पार्टी इंडिया गठबंधन के साथ हाथ नहीं मिलाएगी।
बिहार की 156 सीटों पर चल रही तैयारी- राजभर
राजभर ने कहा कि बिहार में कई पार्टियां ऐसी हैं, जो इंडिया गठबंधन में शामिल नहीं हैं और उनमें से कुछ के साथ बातचीत चल रही है। अगर BJP के साथ बातचीत सफल नहीं होती है, तो हम स्वतंत्र रुप से चुनाव लड़ेंगे। हम 156 सीटों पर तैयारी कर रहे हैं।
राजभर ने राहुल गांधी को भी घेरा
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि जब राहुल गांधी विदेश यात्रा पर जाते हैं तो वह भारत की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हैं और चुनाव आयोग पर हमला करते हैं। लेकिन जब उनकी पार्टी चुनाव जीतती है, तो वह कभी ऐसी चिंता नहीं जताते। अगर उनका मानना है कि चुनावों में धांधली हुई थी और जीत हेरफेर से हुई थी, तो उन्हें खुलकर सबूत पेश करने चाहिए। उन्होंने कहा, राहुल गांधी को बिहार में हार का आभास हो गया है, यही वजह है कि उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री वी.पी. सिंह की तरह निराधार बयान देना शुरू कर दिया है।

