ह्यूमन GPS बागु खान ढेर: जम्मू कश्मीर में सुरक्षाबलों ने एनकाउंट में मार गिराया; 100 से ज्यादा आतंकियों को कराई घुसपैठ
Published:
2 min read

बागु खान 1995 से PoK में रह रहा था। वह आतंकियों को भारत में घुसपैठ कराने के लिए जाना जाता था।
जम्मू कश्मीर के गुरेज में शनिवार को सुरक्षाबलों ने बागु खान को ढेर कर दिया। बागू खान को ह्यूमन GPS कहा जाता है। वह अब तक 100 से ज्यादा बार आतंकियों को घुसपैठ कराने की कोशिश कर चुका है। ज्यादातर में वह सफल रहा।
बागु खान को समंदर चाचा के नाम से भी जाना जाता है, वह 1995 से PoK में रह रहा था। बागु को भारत में घुसपैठ कराने के लिए सबसे पुराने और सबसे सफल मददगारों में से एक माना जाता था। सुरक्षाबलों ने उसे नौशेरा में घुसपैठ की कोशिश के दौरान मार गिराया। उसके साथ एक आतंकी भी ढेर हुआ है।
आतंकी संगठनों का भरोसेमंद था बागु
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, बागु खान को गुरेज और आसपास के क्षेत्र की अच्छी जानकारी थी। यही वजह है कि ज्यादातर आतंकी संगठन उस पर भरोसा करते थे। उसने 100 से ज्यादा बार आतंकियों को जम्मू कश्मीर में गुरेज सेक्टर के आस पास के इलाकों से घुसपैठ कराई।
हिजबुल कमांडर भी रहा है बागु
बागु खान हिजबुल कमांडर भी रहा है। हिजबुल कमांडर रहते बागु खान ने गुरेज के आसपास लगभग सभी घुसपैठ की कोशिशों की साजिश रची और इन्हें सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। कई सालों तक भारतीय सुरक्षाबलों को चकमा देने वाला बागु खान इस बार घुसपैठ के दौरान ही ढेर हो गया। ऐसे में सुरक्षाबलों का कहना है कि ये आतंकी संगठनों के लिए बड़ा झटका है।
इससे पहले गुरुवार को भी सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की कोशिश कर रहे दो आतंकियों को मार गिराया था। ये एनकाउंट नौशेरा के पास हुआ था। सीमा पर तैनात सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया था। इस दौरान दोनों तरफ से जमकर फायरिंग हुई थी।

