बद्रीनाथ दान चोरी मामला: मंदिर अधिकारी रहे राजेंद्र चौहान की पेंशन और रिटायरमेंट बेनिफिट्स रोके गए, प्रमोद नौटियाल 4 दिन की पुलिस रिमांड पर
Published:
3 min read

बद्रीनाथ मंदिर में दान चोरी के मामले का खुलासा जुलाई के पहले हफ्ते में हुआ था।
नेशनल डेस्क। बद्रीनाथ धाम मंदिर के दान चोरी मामले में गिरफ्तार रिटायर्ड मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान की पेंशन और रिटायरमेंट से जुड़े सभी बेनेफिट्स रोक दिए गए हैं। वहीं, गिरफ्तार कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को नियमों के मुताबिक, महज मंथली सब्सिस्टेंस अलाउंस ही दिया जाएगा। बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के CEO सोहन सिंह रंगड़ ने यह जानकारी दी।
इस बीच, दान चोरी मामले में 12 जुलाई की रात देहरादून से गिरफ्तार किए गए प्रमोद नौटियाल को ज्योतिर्मठ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट ने चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले 18 जुलाई को गिरफ्तार किए गए राजेंद्र चौहान को चमोली जिले की अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
SIT की जांच जारी
उत्तराखंड पुलिस ने मंदिर के दान में चोरी की जांच के बाद राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार किया था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और सबूतों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
जांच के दौरान SIT ने राजेंद्र चौहान के ठिकानों की तलाशी ली थी। इस दौरान वहां से विदेशी मुद्राएं, महंगी केसर और अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई पूछताछ के दौरान आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर की गई।
SIT के जांच अधिकारी महादेव उनियाल ने बताया था कि राजेंद्र चौहान के ठिकानों से कई सामान बरामद हुए, लेकिन कैश बरामद नहीं हुआ। न ही आरोपी ने चोरी किए गए कैश के बारे में अब तक कोई खास जानकारी दी।

18 पेज की जांच रिपोर्ट भी SIT को मिली
जांच के तहत SIT को श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) की ओर से तैयार की गई 18 पेज की इंटरनल जांच रिपोर्ट भी मिल गई है। उत्तराखंड पुलिस के मुताबिक, जांच टीम ने 22 जून और 25 जून की CCTV फुटेज का एनालिसिस किया है। वहीं 29 जून और 2 जुलाई की फुटेज भी जांच के लिए सेफ कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि नई CCTV फुटेज के आधार पर इस चोरी मामले में कुछ और संदिग्धों की पहचान हुई है।
CEO और PA से भी हुई पूछताछ
SIT ने इस मामले में लापरवाही को लेकर बद्रीनाथ मंदिर समिति के CEO सोहन सिंह रंगड़ और उनके PA अतुल डिमरी से भी पूछताछ की। जांच अधिकारी मंदिर के दान के रखरखाव और उसकी आवाजाही से जुड़े रिकॉर्ड और CCTV फुटेज का एनालिसिस कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें...

