राम मंदिर में चोरी रोकने के लिए AI से निगरानी: SIT सरकार को सुझाव देगी; चंदा गबन केस में फाइनल रिपोर्ट जल्द
Published:
3 min read

AI पावर्ड सर्विलांस सिस्टम का मुख्य उद्देश्य मंदिर के कामकाज की निगरानी रखना है। (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क. अयोध्या में राम मंदिर में चंदा चोरी की जांच कर रही SIT ने AI आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम की सिफारिश की है। सूत्रों के मुताबिक SIT 15 जुलाई तक अपनी फाइनल रिपोर्ट सरकार को सौंपने की तैयारी कर रही है। भविष्य में मंदिर में चोरी ना हो, इसके लिए SIT सरकार को कई सुझाव देगी।
AI पावर्ड सर्विलांस सिस्टम का मुख्य उद्देश्य मंदिर के कामकाज की निगरानी रखना, डोनेशन का मैनेंजमेंट और डोनेशन की काउंटिंग के दौरान ट्रांसपेरेंसी रखना है। ताकि पूरी प्रोसेस ट्रांसपेरेंट और सिक्योर बनी रहे।
शुरुआती रिपोर्ट में कई खुलासे
राम मंदिर दान चोरी की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) की शुरुआती रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, CCTV फुटेज में दिखाई दिया है कि दान की गिनती करते वक्त कुछ कर्मचारी नोटों के बंडल अपने कपड़ों, जेबों, जूतों में छिपाते हुए दिखाई दिए हैं।
जांच एजेंसी का मानना है कि ऐसा महज एक-दो बार नहीं बल्कि हर दिन हुआ है। SIT ने 27 अप्रैल से 5 जून 2026 के बीच यानी 40 दिन के CCTV फुटेज को देखा तो लगभग 70 ऐसी घटनाएं सामने आईं।
सुरक्षा व्यवस्था में कई बड़ी खामियां
रिपोर्ट में कहा गया है कि दान काउंटिंग सेंटर में एंट्री और एग्जिट के दौरान कर्मचारियों की तलाशी नहीं होती थी। इसके अलावा कर्मचारियों के निजी सामान की निगरानी भी नहीं थी।
रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि अलग-अलग दान पेटियों से निकली नकदी को अलग-अलग रखने के बजाय एक साथ गिना जाता था, जिससे अनियमितताओं की संभावना बढ़ गई।

अब तक 80 लाख रुपये से ज्यादा कैश बरामद
रिपोर्ट के मुताबिक, जांच शुरू होने से पहले ही कुछ कर्मचारियों से लगभग 78.94 लाख रुपये बरामद किए गए थे। इसके अलावा 4 जून 2026 को काउंटिंग सेंटर से जुड़े बाथरूम से भी 2.25 लाख रुपये नकद मिलने का दावा किया गया है।
SIT ने यह भी कहा कि कुछ कर्मचारियों के बैंक खातों में उनकी घोषित आय की तुलना में ज्यादा जमा और फाइनेंशियल ट्रांसेक्शन पाए गए हैं।
CCTV निगरानी और SOP पालन में भी कमी
रिपोर्ट में CCTV मॉनिटरिंग, स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसिजर (SOP) के पालन, कर्मचारियों की निगरानी और काउंटिंग सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था में कई खामियों की ओर भी इशारा किया गया है।
हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल उन दावों को लेकर, जिनमें मंदिर से चांदी की ईंटें और अन्य कीमती चढ़ावे गायब होने की बात कही गई थी, SIT ने साफ किया कि ऐसे आरोपों के समर्थन में फिलहाल कोई सबूत नहीं मिला है।
SIT ने यह भी कहा है कि यह महज शुरुआती रिपोर्ट है और मामले की गहन जांच अभी जारी है। आगे की जांच के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

