असम में बेटे ने घर से चुराए 50 लाख रुपए: गर्लफ्रेंड को iPhone गिफ्ट किया, 5 लाख खर्च किए; गिरफ्तार
Published: Updated:
3 min read

आरोपी यश ने अपनी दोस्त के लिए 1.5 लाख रुपए का आईफोन खरीदा, उसे कैश दिया और कई दिनों तक उसके साथ होटल और रिसॉर्ट्स में रहा। (AI इमेज)
नेशनल डेस्क. असम के जोरहाट में एक युवक ने परिवार के लॉकर से 50 लाख रुपए चुराए और फिर वो पैसे उसने अपनी गर्लफ्रेंड पर खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपी यश धनुका अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। FIR में यश के दोस्त जितेंद्र सोमानी और रोहित प्रसाद का नाम भी शामिल किया है।
आरोप है कि यश ने 11 अगस्त को सूने घर में पिता के कमरे का लॉकर तोड़ा। बाद में वह अहमदाबाद चला गया, लेकिन पुलिस ने उसके मोबाइल को गुजरात में ट्रेस कर लिया। इसके बाद उसके पिता उसे वापस जोरहाट लाए और पुलिस को सौंप दिया। आरोप है कि दोस्तों ने यश को चोरी के लिए उकसाया था।
चोरी का कैसे हुआ खुलासा
न्यूज x की रिपोर्ट के मुताबिक, परिवार ने बताया कि बिजनेस के लिए रखा कैश और सोने के गहने गायब मिले, यश परिवार के बिजनेस में शामिल था, इसलिए उसे घर में रखे पैसे के बारे में जानकारी थी। जांच के दौरान साइबर सिक्योरिटी सेल की मदद से असम पुलिस को शक हुआ कि घर से जुड़ी किसी जान-पहचान वाले व्यक्ति ने ही चोरी की है।
जांच करने वालों को शक है कि इन दोनों ने चोरी की साजिश रचने और चोरी हुए सोने को ठिकाने लगाने में मदद की थी। फिलहाल दोनों आरोपी अभी फरार हैं।
गर्लफ्रेंड पर 5 लाख खर्च किए
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यश को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया। आरोपी यश अग्रवाल ने बताया- मैंने जीतू सोमानी और रोहित प्रसाद के साथ मिलकर उसने साजिश की। उन्होंने मुझे पैसे चुराने के लिए उकसाया। जीतू ने कहा- उन्होंने लॉकर तोड़ने के लिए एक ताला बनाने वाले की मदद ली। चुराए हुए पैसों से हमने पार्टी की। मैंने 5 लाख रुपए एक लड़की पर खर्च किए। वहीं असम पुलिस की जांच में गर्लफ्रेंड पर कथित तौर पर 5 लाख रुपए खर्च करने का मामला सामने आया है। यश ने कहा- मुझे इस घटना पर दुख है। जीतू सोमानी ने मुझे बहकाया था।
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि चोरी के बाद पैसे कैसे खर्च किए गए और गायब कैश और सोने का पूरा हिसाब-किताब जानने की कोशिश कर रही है।
लड़की से भी पूछताछ करेगी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, यश ने लड़की के लिए 1.5 लाख रुपए का आईफोन खरीदा, उसे कैश दिया और कई दिनों तक उसके साथ होटल और रिसॉर्ट्स में रहा। लड़की को इस मामले में आरोपी नहीं बनाया गया है, लेकिन पुलिस उससे पूछताछ कर सकती है। पुलिस अब सोमानी और प्रसाद की तलाश कर रही है और साथ ही चोरी हुए कैश और सोने को बरामद करने की कोशिश भी कर रही है।

